फिल्म 'धुरंधर' की सफलता के बाद इसका सीक्वल धुरंधर: द रिवेंज भी दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है. रणवीर सिंह की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है और लोगों को इसकी कहानी और एक्टिंग दोनों ही पसंद आ रही हैं. फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर ने कहा कि वह दर्शकों के प्यार से बेहद खुश हैं.
फिल्म 'धुरंधर 2' की सफलता पर इमोशनल हुए आदित्य धर
बता दें, फिल्म 'धुरंधर 2' की सफलता के बाद 19 मार्च को मुंबई में इसकी खास स्क्रीनिंग रखी गई, जिसमें पूरी कास्ट और क्रू शामिल हुई. इस दौरान राकेश बेदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें स्क्रीनिंग के बाद के खास पल देखने को मिले.
वीडियो में डायरेक्टर आदित्य धर अपनी टीम को धन्यवाद देते नजर आए. उन्होंने कहा कि जो लोग उन पर भरोसा करते रहे, खासकर ज्योति देशपांडे और पूरी टीम, उन सभी का वह दिल से शुक्रिया अदा करते हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि दर्शकों से मिल रहे प्यार और रिस्पॉन्स से वह काफी खुश और इमोशनल हैं. साथ ही उन्होंने सभी का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने इस फिल्म को सपोर्ट किया और इस सफर का हिस्सा बने. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
View this post on Instagram
इस दौरान आदित्य धर की पत्नी और एक्ट्रेस यामी गौतम भी वहां मौजूद थीं. बातचीत के बीच वह हंसती नजर आईं और इमोशनल होकर अपनी आंखों के आंसू पोंछती दिखीं, जिससे माहौल और भी खास बन गया.
धुरंधर 2 के बारे में
फिल्म धुरंधर: द रिवेंज साल 2025 की ब्लॉकबस्टर धुरंधर का सीक्वल है, जो 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई. आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर. माधवान, संजय दत्त, सारा अर्जुन, गौरव गेरा और अर्जुन रामपाल भी नजर आए हैं.
पहली फिल्म की कहानी कराची के लियारी इलाके पर बेस्ड थी, जहां गैंग वॉर और आतंक से जुड़े इंसिडेंट्स दिखाए गए थे. वहीं सीक्वल में रणवीर सिंह के किरदार हमजा उर्फ जस्किरत सिंह रंगी की कहानी को और आगे बढ़ाया गया है, जिसमें उसके मिशन और इरादों के पीछे की वजह सामने आती है.

फिल्म का कलेक्शन
फिल्म में दिखाया गया है कि वह कैसे दुश्मनों के खिलाफ लड़ते हुए एक बड़े आतंक नेटवर्क को खत्म करने की कोशिश करता है. बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने शानदार शुरुआत की, जहां पेड प्रीव्यू में इसने 75 करोड़ रुपये कमाए और रिलीज के पहले दिन 165 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. अब तक यह फिल्म भारत में करीब 230 करोड़ रुपये कमा चुकी है.