बॉलीवुड फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. सोशल मीडिया पर लंबे समय से खबरें चल रही है कि करण जौहर की पॉपुलर और सुपरहिट फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' का सीक्वल आने वाला है. ये फिल्म साल 2001 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी. इसी बीच निर्देशक करण जौहर ने इन खबरों पर विराम लगाते हुए चुप्पी तोड़ दी है.
नहीं आएगा कभी खुशी कभी गम का पार्ट 2?
करण जौहर ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा कि वो 'कभी खुशी कभी गम' जैसी आइकॉनिक फिल्म की नॉस्टैल्जिया और फैंस के प्यार के साथ रिस्क नहीं लेना चाहते है. उन्होंने साफ कहा, "मैं कभी 'कभी खुशी कभी गम' का सीक्वल नहीं बनाऊंगा. हर फिल्म में खामियां होती हैं, लेकिन 'कभी खुशी कभी गम' में यादें और भावनाएं सबसे ज्यादा है. कई पीढ़ियों ने इसे देखा है, इसके साथ हंसते और रोते हुए पल बिताए हैं. ऐसी फिल्म का सीक्वल बनाना खुद को खतरे में डालने जैसा है." उन्होंने ये भी कहा कि 'तख्त' जैसी पीरियड ड्रामा के कोई स्पिन-ऑफ या डेरिवेटिव प्रोजेक्ट्स फिलहाल नहीं चल रहे हैं.
कहां से आईं ये खबरें?
बता दें, इस अफवाह की शुरुआत एक रिपोर्ट से हुई, जिसमें बताया गया कि करण जौहर की अगली धर्मा प्रोडक्शंस फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' जैसी फैमिली ड्रामा होगी, जिसमें कई लीड होंगे और इसे बड़े पैमाने पर थिएटर में रिलीज किया जाएगा. पिंकविला के सूत्रों के अनुसार, इसमें दो पुरुष और दो महिला लीड होंगे और कास्टिंग भी जल्द शुरू होगी. वर्कफ्रंट की बात करें, तो करण जौहर की पिछली फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी, जिसमें रणवीर सिंह और आलिया भट्ट ने लीड रोल में थे. फिलहाल, जौहर ने अपनी अगली डायरेक्शन प्रोजेक्ट की घोषणा नहीं की है, जिससे फैंस उनकी अगली फिल्म के लिए उत्सुक हैं.