मंडला । मध्य प्रदेश के मंडला जिले के मवई में शनिवार को सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम का आयोजन सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते की मौजूदगी में किया गया। उन्होंने वीबी जी राम योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह योजना गांवों की तस्वीर बदल देगी।
सांसद कुलस्ते ने कहा कि सम्पूर्णता अभियान 2.0 का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं आजीविका जैसे क्षेत्रों में समन्वित प्रयासों से ही आकांक्षी ब्लॉकों का वास्तविक विकास संभव है।
कुलस्ते ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करें तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुँचाएं। उन्होंने कहा कि देश के सभी गांवों, गरीबों और किसानों के चहुमुखी विकास एवं जरूरतमंदों को ग्राम स्तर पर रोजगार दिलाने के लिए ही केन्द्र सरकार द्वारा विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एण्ड आजीविका मिशन (ग्रामीण) अर्थात वीबी जी-राम-जी अधिनियम 2025 लागू किया गया है। ’हर हाथ को काम’ मुहैया कराने के लिए इस अधिनियम में एक ग्रामीण परिवार को अब 125 दिनों के रोजगार की कानूनी गारंटी दी गई है। मनरेगा अधिनियम में रोजगार की यह गारंटी मात्र 100 दिन की थी। वीबी जी-राम-जी योजना देश के सभी गांवों की तस्वीर बदल देगी है।
सांसद कुलस्ते ने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय से ही विकास कार्यों को गति मिलती है। सभी संबंधित विभागों को मिलकर कार्य करने तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने मौजूद नागरिकों से कहा कि शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा किए, जिनके समाधान के लिए अधिकारियों ने आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक पंडित धुर्वे तथा जनपद अध्यक्ष मनीषा मरकाम, जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीना, जिला योजना अधिकारी ओपी सिरसे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।