IPL 2026: ‘अर्जुन तेंदुलकर LSG के लिए एक भी मैच नहीं खेलेंगे’
Sanjeev Kumar March 23, 2026 02:24 PM

Ravichandran Ashwin on Arjun Tendulkar: आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से हो रहा है और टूर्नामेंट के आगाज से पहले पूर्व क्रिकेटर आर अश्विन ने ऐसा बयान दिया है जो अर्जुन तेंदुलकर का दिल तोड़ सकता है. दरअसल आर अश्विन ने अपने यूट्यूब शो में ये कह दिया कि अर्जुन तेंदुलकर इस सीजन एक भी मैच नहीं खेलेंगे, लखनऊ सुपरजायंट्स उन्हें एक भी मैच में मौका नहीं देगी. आर अश्विन ने इसकी खास वजह बताई. अश्विन के मुताबिक लखनऊ सुपरजायंट्स में एक से बढ़कर एक तेज गेंदबाज हैं, ऐसे में सचिन के बेटे अर्जुन को अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ सकता है.

अर्जुन तेंदुलकर बेंच पर ही बैठे रहेंगे?

आर अश्विन ने अपने शो में कहा, ‘अर्जुन तेंदुलकर खेलेंगे ही नहीं और इस बारे में बात ही ना करें. मुझे लगता है कि ये मुश्किल है क्योंकि टीम में मयंक यादव, मोहसिन खान, आवेश खान, मोहम्मद शमी जैसे तेज गेंदबाज हैं और इतने सारे गेंदबाजों में वो कैसे खेलेंगे. मुझे नहीं लगता कि उनके खेलने की गुंजाइश है. जब तक सारे खिलाड़ी चोटिल ना हो जाएं, तबतक अर्जुन खेलेंगे नहीं.’

लखनऊ सुपरजायंट्स टीम में कौन-कौन से गेंदबाज हैं?

लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम में एक से बढ़कर एक तेज गेंदबाजों की पूरी फौज है. इनके गेंदबाजी अटैक में मयंक यादव, एनरिक नॉर्खिया, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, आवेश खान और आकाश सिंह जैसे गेंदबाज शामिल हैं. हालांकि अर्जुन तेंदुलकर एक पेस बॉलिंग ऑलराउंडर हैं. हाल ही में उन्होंने युवराज सिंह से बैटिंग की ट्रेनिंग ली है और डीवाई पाटिल टी20 टूर्नामेंट में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया. अब देखना ये है कि उन्हें मौका मिलता है या नहीं.

अर्जुन तेंदुलकर को मिले हैं कम मौके

अर्जुन तेंदुलकर पिछले सीजन तक मुंबई इंडियंस में थे लेकिन उन्हें नीलामी से पहले लखनऊ सुपरजायंट्स में ट्रांसफर कर दिया गया. पहली बार ये खिलाड़ी आईपीएल 2021 में 20 लाख रुपये में खरीदा गया था जिसमें अर्जुन को एक भी मैच खेलने को नहीं मिला. मुंबई ने अर्जुन को साल 2023 में डेब्यू कराया. अर्जुन ने पिछले सीजन भी एक भी मैच नहीं खेला था. इस खिलाड़ी ने अबतक आईपीएल में पांच मैचों में 3 विकेट हासिल किए हैं. उनका इकॉनमी रेट 9.3 रन प्रति ओवर है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.