बिहार के भागलपुर में प्राइवेट हॉस्टल में NEET की छात्रा ने फंदे से लटककर जान दे दी. मौत के पहले वो वीडियो कॉल पर किसी लड़के से बात कर रही थी, जिस हॉस्टल में यह घटना हुई उसमें कुछ ही घंटे पहले वह शिफ्ट हुई थी. बरारी थाना क्षेत्र के खंजरपुर स्थित विंध्यवासिनी लॉज में 17 वर्षीय NEET छात्रा सृष्टि सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. छात्रा अररिया की रहने वाली थी. वो कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी मिली जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.
घटना देर रात की है जब बगल के कमरे में रहने वाली छात्रा ने सृष्टि के कमरे का दरवाजा खटखटाया. लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. शक होने पर उसने शोर मचाया. इसके बाद अन्य छात्रा और हॉस्टल संचालक मौके पर पहुंचे. मृतका के मौसेरे भाई अंकुश को भी सूचना दी गई. उनके पहुंचने के बाद दरवाजा तोड़ा गया जहां सृष्टि फंदे से लटकी मिली.
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक, सृष्टि सिंह रविवार को ही शाम करीब 4 बजे इस हॉस्टल में शिफ्ट हुई थी. इससे पहले वह एसएम कॉलेज रोड स्थित एक अन्य हॉस्टल में रहती थी, जिसे मरम्मत के कारण खाली कराया जा रहा था.
माता-पिता लौट गए थे घर
शिफ्टिंग के दौरान उसके माता-पिता और मौसेरे भाई मौजूद थे. देर शाम माता-पिता घर लौट गए थे, लेकिन रास्ते में ही उन्हें बेटी की मौत की खबर मिल गई, जिसके बाद वे तुरंत वापस भागलपुर के लिए रवाना हुए. देर रात तक परिजन भागलपुर पहुंचे. बेटी की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.
WhatsApp पर की थी बात
जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना से पहले छात्रा ने व्हाट्सएप पर किसी से बातचीत, वीडियो और ऑडियो साझा किया था. पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की गहराई से जांच कर रही है. साथ ही, हॉस्टल पहुंचने तक का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें छात्रा कुछ असहज नजर आ रही है. हॉस्टल संचालक ने बताया कि छात्रा उसी दिन यहां शिफ्ट हुई थी और सामान्य लग रही थी. मृतका के पिता ने आवेदन में किसी लड़के पर भद्दी-भद्दी बातें करने का आरोप लगाते हुए मौत का जिम्मेदार ठहराया है. वहीं, बरारी थानाध्यक्ष बिट्टू कमल के अनुसार, मोबाइल जब्त कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है.