पहाड़ों पर बर्फबारी, दिल्ली समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश के आसार
Webdunia Hindi March 23, 2026 04:43 PM

Weather Update : मौसम के बदले मिजाज के चलते पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है। दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश हो रही है। इस बीच, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान का पूर्वानुमान जारी किया है। क्या है IMD का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत में 26 मार्च तक छिटपुट आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी। 24 मार्च 2026 को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है। कोंकण और गोवा में 23 मार्च को और केरल, माहे और तटीय कर्नाटक में 24 मार्च तक गर्म और उमस भरी स्थिति बनी रहने की संभावना है।

वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 23 मार्च को हल्की वर्षा/बर्फबारी के साथ बिजली कड़कने और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। एक नया हल्का पश्चिमी विक्षोभ 26 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4-7 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है।

दिल्ली NCR में बारिश

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट ले ली है और आज की सुबह का स्वागत बारिश की बौछारों से हुआ है। तेज हवाओं और बादलों के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे हवा में ठंडक बरकारार है। मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश की बौछोरें जारी रह सकती है।

उत्तराखंड में कैसा है मौसम

उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी से पूरा इलाका 3 से 4 फीट बर्फ से ढंक गया। मौसम विभाग ने आज भी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। देहरादून सहित मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।

मध्य प्रदेश में 3 दिन चढ़ेगा पारा

मध्य प्रदेश में मौसम शुष्क होने की वजह से प्रदेशवासियों को एक बार फिर गर्मी का अहसास होने लगा है। राज्य में अगले 3 दिन पारा चढ़ने की संभावना है। इंदौर और उज्जैन में तापमान 33 से 34 डिग्री के बीच पहुंच गया है। जबकि जबलपुर सागर और रीवा में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 26 को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।

edited by : Nrapendra Gupta

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.