तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स एक बार फिर अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में मैदान पर उतरने जा रही है. पिछले सीजन में ही KKR के कप्तान बनाए गए रहाणे को आईपीएल 2026 में भी इस जिम्मेदारी को निभाने का मौका मिला है. हालांकि, उनके लिए पिछला सीजन अच्छा नहीं रहा और टीम खिताब का बचाव नहीं कर सकी थी. फिर भी वो इस सीजन में टीम को चैंपियन बनाने की उम्मीद के साथ अपनी टीम को लेकर मैदान पर उतरेंगे. मगर क्या आगे भी KKR का मैनेजमेंट उन पर ही भरोसा दिखाएगा? या फिर अगले सीजन में नया कप्तान बनेगा? क्या वो कप्तान रिंकू सिंह हो सकते हैं?
टीम इंडिया के पूर्व स्टार मोहम्मद कैफ का तो कम से कम यही मानना है और यही सलाह है कि युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह में वो काबिलियत है. अपने यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किए एक वीडियो में कैफ ने KKR के मैनेजमेंट को सलाह दी कि उन्हें आने वाले वक्त के लिए रिंकू को कप्तान की भूमिका के लिए तैयार करना चाहिए और संवारना चाहिए क्योंकि वो लंबे समय से इस टीम का हिस्सा हैं और उनमें वो गुण भी हैं.
कैफ ने कहा, “केकेआर को रिंकू को भविष्य के कप्तान के रूप में तैयार करना चाहिए. वो ऑल-फॉर्मेट प्लेयर है, भले ही टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं है लेकिन वो तीनों फॉर्मेट में अच्छी बैटिंग कर सकता है. मैं यूपी से हूं और मैं जानता हूं कि वो यूपी के लिए क्या करता है. रन तो बहुत बल्लेबाज बनाते हैं लेकिन वो जो रन बनाता है, उससे जीत मिलती है. उसके पास बैटिंग और कप्तानी को एक साथ संभालने लायक मानसिक मजबूती है. उनके पास एक तैयार खिलाड़ी है.”
उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कैफ ने कहा कि फ्रेंचाइजी उन्हें रहाणे के बाद कप्तान बनाती है या फिर बीच सीजन में ही ये जिम्मेदारी देती लेकिन कम से कम उन्हें अभी से उप-कप्तान बनाकर रखना चाहिए. रिंकू सिंह अपने IPL करियर की शुरुआत से ही इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं. यहीं से उन्हें मौका मिला, इसी फ्रेंचाइजी ने चोट के वक्त उनका पूरा ध्यान रखा और KKR ने ही उन्हें दुनियाभर में पहचान दिलाई, टीम इंडिया के दरवाजे खोले और वर्ल्ड चैंपियन बनाया.