संसद में बीआईएस और कस्टम्स के समन्वय का मुद्दा उठा, सरकार ने तकनीक आधारित व्यवस्था पर दिया जोर
Tarunmitra March 24, 2026 10:43 PM

नई दिल्ली। केंद्रीय खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मंगलवार को राज्यसभा में बताया कि भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) और कस्टम्स के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिए आईसीजीएटी पोर्टल के माध्यम से नियमित रूप से सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। बीआईएस द्वारा बाजार में उत्पादों की जांच और परीक्षण किया जाता है और मानकों पर खरे न उतरने वाले उत्पादों की जानकारी कस्टम्स को भेजी जाती है।

मंत्री जोशी ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्य डॉ. संगीता बलवंत के प्रश्न के उत्तर में सदन को बताया कि सरकार तकनीक आधारित जांच प्रणाली को बढ़ावा दे रही है और मानव हस्तक्षेप को कम करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके और व्यापार करने में सुगमता बढ़े।

डॉ. संगीता बलवंत ने भारतीय मानक ब्यूरो और कस्टम्स अथॉरिटीज़ के बीच बेहतर समन्वय का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि बीआईएस प्रमाणित उत्पादों की कस्टम क्लियरेंस में देरी न हो और आयात प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए सरकार क्या ठोस कदम उठा रही है। उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए कस्टम्स और बीआईएस के बीच तालमेल को मजबूत करने तथा ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा देने के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.