News India Live, Digital Desk : आदित्य धर की मच-अवेटेड फ्रैंचाइजी 'धुरंधर' का सीक्वल 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर रहा है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने सिनेमाघरों में तहलका मचा रखा है, लेकिन छप्पर फाड़ कमाई के बीच फिल्म को दर्शकों के एक खास तबके की आलोचना का भी सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोगों ने इसे एक 'प्रोपेगैंडा' (Propaganda) फिल्म करार दिया है। इस विवाद के बीच अब दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती (Mithun Chakraborty) फिल्म के बचाव में उतर आए हैं और उन्होंने आलोचकों को करारा जवाब दिया है।'द बंगाल फाइल्स' का दिया उदाहरणहाल ही में समाचार एजेंसी आईएएनएस के साथ बातचीत के दौरान मिथुन चक्रवर्ती ने अपनी फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' (2025) का जिक्र करते हुए 'धुरंधर 2' का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि 'द बंगाल फाइल्स' आजादी से पहले हुए ऐतिहासिक नोआखली दंगों पर आधारित थी, फिर भी उसे बंगाल में रिलीज नहीं होने दिया गया।मिथुन ने कहा, "'द बंगाल फाइल्स' को रिलीज होने नहीं दिया गया, इससे बड़ी क्या बात करेंगे? अब 'धुरंधर 2' को भी प्रोपेगेंडा कहते हैं, तो उसे भी रोक लेते ना? 'धुरंधर' रिलीज हुई, और अब आप कहते हो कि प्रोपेगेंडा है, लेकिन 'द बंगाल फाइल्स' की रिलीज तक नहीं होने दिया। उसके खिलाफ में जाकर फिल्म को रिलीज तक होने नहीं दिया बंगाल ने। इससे बड़ी दुख की बात क्या हो सकती है?" उनका स्पष्ट मानना था कि 'प्रोपेगैंडा' के आरोप हमेशा फिल्म की रिलीज के बाद ही क्यों सामने आते हैं।'फिल्म ने तोड़े सारे रिकॉर्ड'आदित्य धर के निर्देशन की तारीफ करते हुए और आलोचकों को जवाब देते हुए मिथुन ने आगे कहा, "तो दादागिरी, जो बोलना है बोलिए, लेकिन 'धुरंधर' ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। इतने लोगों ने पिक्चर देखी होगी तब ना। हर संप्रदाय के लोगों ने देखी है, तारीफ की है, और दो-तीन बार देखने के बाद ही पिक्चर का ये बिजनेस होता है।"ज्ञात हो कि मिथुन से पहले दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर और डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा भी 'धुरंधर 2' को 'प्रोपेगैंडा' कहने वालों की जमकर क्लास लगा चुके हैं।'धुरंधर' फ्रैंचाइजी का जलवा'धुरंधर 2', 2025 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' का सीक्वल है, जिसमें रणवीर सिंह ने एक बलूच गैंग में घुसपैठ करने वाले हमजा का किरदार निभाया था। इस सीक्वल में हमजा (रणवीर सिंह) के अतीत की कहानी दिखाई गई है कि किन हालातों में जसकीरत, हमजा बन गया। 19 मार्च को रिलीज हुई 'धुरंधर: द रिवेंज' में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, आर. माधवन और राकेश बेदी जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। पहली फिल्म ने जहां वर्ल्डवाइड 1300 करोड़ रुपये की बंपर कमाई की थी, वहीं यह सीक्वल भी उसी राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।