रणबीर कपूर का दिव्य अवतार
सिनेमा प्रेमियों के लिए आज का दिन बेहद खास है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही साल की सबसे चर्चित फिल्म ‘रामायण’ का ‘रामा’ टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है। जैसे ही यह टीजर सोशल मीडिया पर आया, यह जंगल की आग की तरह फैल गया। भगवान राम के अवतार में रणबीर कपूर इतने सौम्य और दिव्य लग रहे हैं कि फैंस उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने जैसे ही इसे इंस्टाग्राम पर शेयर किया, कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। रणबीर के शांत चेहरे और सादगी भरे लुक ने दर्शकों का दिल जीत लिया है।
रावण की दहाड़ और शानदार VFX
2 मिनट 38 सेकंड का यह टीजर विजुअल और म्यूजिक का बेहतरीन संगम है। टीजर की शुरुआत से ही रणबीर कपूर अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हैं, लेकिन असली धमाका तो अंत में होता है। टीजर के आखिरी पलों में रावण के किरदार में सुपरस्टार यश की झलक दिखाई गई है, जिसे देख रोंगटे खड़े हो जाते हैं। इसके अलावा रावण का पुष्पक विमान भी टीजर में नजर आया है, जो हाई-क्वालिटी VFX का नमूना पेश करता है। बैकग्राउंड म्यूजिक इतना दमदार है कि यह आपको सीधे त्रेतायुग के अहसास में ले जाता है।
दिवाली पर होगा महा-धमाका
अगर आप भी इस फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेताब हैं, तो आपको बता दें कि यह फिल्म 2026 की दिवाली पर रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर एक और बड़ी जानकारी यह है कि यह दो भागों में सिनेमाघरों में आएगी। फिल्म का पहला हिस्सा इसी साल दिवाली पर रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग 2027 की दिवाली पर दर्शकों के सामने आएगा। फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी तगड़ी है, जिसमें रणबीर कपूर और यश के साथ साई पल्लवी और सनी देओल जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।