यात्रियों के लिए रेलवे का बड़ा प्लान, सुविधाओं पर 34,000 करोड़ खर्च, भीड़ होगी कंट्रोल
TV9 Bharatvarsh April 03, 2026 08:42 AM

भारतीय रेल ने पिछले तीन साल में यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने और भीड़ को बेहतर तरीके से संभालने के लिए 34,000 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए हैं. देश के 76 भीड़भाड़ वाले स्टेशनों (खासकर मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश) में से 23 पर स्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं. त्योहारों से पहले ज्यादा भीड़ वाले स्टेशनों जैसे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, बांद्रा टर्मिनस, भोपाल जंक्शन, लखनऊ जंक्शन और वाराणसी जंक्शन पर तेजी से काम चल रहा है, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो.

सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए AI से लैस CCTV कैमरे, एडवांस डिजिटल कम्युनिकेशन सिस्टम और वार रूम मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जा रही है. जरूरत के हिसाब से टिकट बिक्री पर भी नजर रखी जाएगी, ताकि हर यात्री को सुरक्षित और आसान सफर मिल सके.

यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए निवेश

दरअसल भारतीय रेलवे ने यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए वह अब बड़े स्तर पर निवेश कर रही है. पिछले तीन साल में रेलवे ने 34,000 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए हैं, ताकि स्टेशनों को बेहतर बनाकर भीड़ को कंट्रोल किया जा सके. यह खर्च 2023 से 2026 के बीच किया गया है और इसका सीधा फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधा बढ़ाने पर रहा.

डिजिटल सिस्टम को भी कर रहे मजबूत

रेलवे के लिए मुंबई जैसे शहर प्राथमिकता बने हुए हैं. यहां रोजाना लाखों लोग लोकल ट्रेनों से सफर करते हैं, जिससे सिस्टम पर भारी दबाव रहता है. इसको देखते हुए रेलवे मुंबई में सेवाओं को मजबूत करने पर तेजी से काम कर रहा है. रेलवे ने साफ किया है कि स्टेशनों पर सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं. वेटिंग एरिया बेहतर किए जा रहे हैं और डिजिटल सिस्टम को भी मजबूत किया जा रहा है.

यात्रियों के लिए क्या बदला

रेलवे लगातार यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सफर देने की कोशिश में है. इसके लिए स्टेशनों पर नई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं. साथ ही भीड़ प्रबंधन के लिए नए सिस्टम लागू किए जा रहे हैं. आने वाले समय में इन सुधारों का असर सीधे यात्रियों पर दिखेगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.