काले बादल, बूंदाबांदी… दिल्ली-NCR का बिगड़ा मौसम, यूपी- MP में भी बारिश, बिहार में ओले गिरने का अलर्ट
TV9 Bharatvarsh April 07, 2026 10:42 AM

दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बूंदाबादी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग ने तेज हवाएं चलने और बारिश को लेकर 7 और 8 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-NCR में आज और कल आम तौर पर बादल छाए रहेंगे और करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.

आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 9 अप्रैल के बाद गर्मी बढ़ने की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण लगातार मौसम में बदलाव हो रहा है. कल दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

यूपी में भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के कई जिलों में शाम के समय तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना है, जिस कारण तापमान में गिरावट के आसार हैं और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. आईएमडी के अनुसार मौसम में यह बदलाव 9 अप्रैल तक जारी रहेगा.

बिहार में ओले गिरने का अलर्ट

बिहार के कई जिलों में आज गरज- चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं पटन और जमुई सहित कई जिलों में 8 और 9 अप्रैल को ओले गिरने और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के कारण मौसम में ये बदलाव हो रहा है.

एमपी-राजस्थान में क्या है मौसम का हाल?

मौसम विभाग ने एमपी के कई जिलों के लिए 9 अप्रैल तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है. कई जिलों में आज भी बारिश की संभावना जताई गई है. राजस्थान में भी आज तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 8 और 9 अप्रैल को भी बारिश के आसार हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.