Risk To These Android Operating Systems: आपके मोबाइल फोन में हैं एंड्रॉयड के ये ऑपरेटिंग सिस्टम तो सावधान!, बिना आपकी जानकारी में आए हैक कर सकते हैं साइबर अपराधी
Newsroompost-Hindi April 09, 2026 06:43 PM

नई दिल्ली। अगर आपके पास एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम वाला मोबाइल फोन है, तो सावधान रहिए। केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की एजेंसी इंडियन कम्प्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम यानी सीईआरटी-इन ने एंड्रॉयड मोबाइल फोन यूजर्स के लिए चेतावनी जारी की है। सीईआरटी-इन के मुताबिक अगर आपके पास एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम 14, 15 या 16 वाला मोबाइल है, तो साइबर अपराधी उसे हैक कर सकते हैं। सीईआरटी-इन के मुताबिक गूगल के एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम में गंभीर खामी मिली है।

सीईआरटी-इन के मुताबिक एंड्रॉयड 14, 15 और 16 वाले मोबाइल फोन पर जीरो क्लिक या नो क्लिक साइबर अटैक हो सकता है। यानी साइबर अपराधी बिना आपके कुछ किए ही मोबाइल फोन का कंट्रोल हासिल कर सकते हैं। जबकि, पहले किसी अंजान लिंक या एपीके फाइल के जरिए साइबर अपराधी किसी के मोबाइल फोन को हैक करते थे। सीईआरटी-इन के मुताबिक साइबर अपराधी एंड्रॉयड 14, 15 और 16 ऑपरेटिंग सिस्टम में मौजूद खामियों के जरिए आपके मोबाइल फोन पर कब्जा कर उसे अपने हिसाब से इस्तेमाल कर सकते हैं। जिससे आपके डेटा के अलावा बैंक खातों में मौजूद रकम के निकल जाने का भी खतरा है।

सीईआरटी-इन ने बताया है कि एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम में खामी का फायदा उठाकर साइबर अपराधी खास तौर पर तैयार डेटा पैकेज यूजर्स को भेजते हैं। जिनमें साइलेंट कॉल, इमेज फाइल या देखा न जा सकने वाले मैसेज हो सकता है। ऐसे में जब मोबाइल फोन खुद ही भेजे गए डेटा को प्रोसेस करता है, तो स्पाईवेयर सक्रिय हो जाता है। इसका यूजर को पता नहीं चलता और उसके मोबाइल फोन का कंट्रोल साइबर अपराधी या हैकर के पास चला जाता है। ऐसे में अगर आपके मोबाइल फोन और टैबलेट में गूगल का एंड्रॉयड 14, 15 या 16 ऑपरेटिंग सिस्टम हो, तो उसे हमेशा अपडेट रखें। अपने फोन पर भी नजर बनाए रखें कि कोई चीज खुद ब खुद तो नहीं हो रही। ऐसा करके आप साइबर अपराधी का इरादा ध्वस्त कर सकते हैं।

The post Risk To These Android Operating Systems: आपके मोबाइल फोन में हैं एंड्रॉयड के ये ऑपरेटिंग सिस्टम तो सावधान!, बिना आपकी जानकारी में आए हैक कर सकते हैं साइबर अपराधी appeared first on News Room Post.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.