रेलवे के टिकट की टेंशन खत्म! 20 अप्रैल से चलेंगी 59 समर स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरा रूट प्लान
TV9 Bharatvarsh April 11, 2026 02:43 AM

Moradabad News: गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मुरादाबाद मंडल से 59 समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है. अप्रैल से जुलाई तक का समय पर्यटन और घरेलू यात्राओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है, जिसे आसान बनाने के लिए रेलवे ने यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है. इन विशेष ट्रेनों के चलने से यात्रियों को न केवल आसानी से कंफर्म टिकट उपलब्ध होंगे, बल्कि वे बिना किसी असुविधा के अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.

रेलवे की यह पहल विशेष रूप से उन परिवारों के लिए राहत भरी है, जो छुट्टियों में लंबी दूरी की यात्रा की योजना बना रहे हैं. इन ट्रेनों का मार्ग इस तरह निर्धारित किया गया है कि मुरादाबाद मंडल के प्रमुख स्टेशनों से कनेक्टिविटी बेहतर बनी रहे और यात्रियों को सुगम यात्रा का अनुभव मिले. इसके लिए रेलवे ने यह खास रूट प्लान बनाया है.

​प्रमुख रूट और डिजिटल जानकारी

​रेलवे प्रशासन के अनुसार, ये गाड़ियां मुख्य रूप से हापुड़, मुरादाबाद, बरेली और हरिद्वार जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों को कवर करेंगी. विशेष रूप से बिहार और पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए पटना, गोरखपुर और हावड़ा जैसे रूटों पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाई गई है. यात्री इन सभी ट्रेनों की समय-सारणी, कोच की स्थिति और उपलब्धता की सटीक जानकारी रेलवे के आधिकारिक ‘रेल मदद’ या ‘NTES’ (रेल वन) ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं.

जैसे-जैसे मांग बढ़ेगी, भविष्य में और भी नई ट्रेनों को इस सूची में जोड़ा जा सकता है, जिसके लिए रेलवे ने रूट मैप नीति बना ली है. डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करके यात्री अपनी यात्रा को पहले से व्यवस्थित कर सकते हैं, जिससे अंतिम समय की भागदौड़ से बचा जा सके.

यात्रा को लेकर दी जानकारी

​मुरादाबाद रेल मंडल के सीनियर DCM आदित्य गुप्ता ने बताया कि जो समर टाइम है, ये अप्रैल से लेकर जुलाई तक माना जाता है. इस दौरान हमारे जो महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं- हापुड़, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरिद्वार इन सबसे होते हुए समर स्पेशल ट्रेनें संचालित की जाती हैं. अभी तक तकरीबन 59 गाड़ियां, 30 पेयर गाड़ियां जो हैं, वो नोटिफाइड हो चुकी हैं.

समर स्पेशल ट्रेनें 20 अप्रैल से लेकर जुलाई के मध्य तक चलेंगी. लंबी दूरी की स्पेशल ट्रेनें, जो ईस्टर्न डायरेक्शन की हैं, वो पटना, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर, हावड़ा इस तरह के डायरेक्शन को कवर करेंगी. आने वाले टाइम में और भी गाड़ियां नोटिफाई होती जाएंगी. इन सभी की जानकारी ‘रेलवन’ (Rail1) ऐप है, जो रेलवे का अधिकृत ऐप है, उस पर उपलब्ध है. यात्री अपनी यात्रा पूरी तरह से इन ट्रेनों में प्लान कर सकते हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.