रामपुर पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़… 4.88 लाख रुपए की फेक करेंसी बरामद, दो अरेस्ट
TV9 Bharatvarsh April 13, 2026 02:42 AM

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की थाना गंज पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली नोट बनाने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है. इस ऑपरेशन में पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो काफी समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे. पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान चिराग सक्सेना और राजवर्धन सिंह के रूप में हुई है. बता दें कि चिराग को रामपुर तो वहीं राजवर्धन मेरठ से गिरफ्तार किया गया.

पुलिस ने चिराग को रामपुर से तो वहीं राजवर्धन मेरठ से गिरफ्तार किया गया. नकली नोट की फैक्ट्री लगाने वाले दोनों आरोपी मूलरूप से एटा के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस की इस सफलता से इलाके में हड़कंप मच गया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से 4,88,200 रुपए के जाली नोट बरामद किए गए हैं, जो बाजार में खपाने की तैयारी में थे. आरोपियों के पास से 42 हजार अधबने कटे-फटे नोट भी मिले है.

मेरठ में छाप रहे थे नकली नोट

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह मेरठ में एक गुप्त लैब सेटअप कर बड़े पैमाने पर नकली नोट तैयार कर रहा था. छापेमारी के दौरान मौके से कंप्यूटर, हाई क्वालिटी प्रिंटर और नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए गए हैं. रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरोह काफी शातिर तरीके से काम कर रहा था और लंबे समय से सक्रिय था.

आरोपियों के नेटवर्क की तलाश में पुलिस

उन्होंने कहा कि आरोपियों के नेटवर्क और उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है. फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है. बता दें कि यूपी के बस्ती जिले में भी पुलिस ने फर्जी नोट चलाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.