रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर 2' सिनेमाघरों में एक महीना पूरा करने वाली है, लेकिन ये भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अब भी ज़बरदस्त कमाई कर रही है. यहां तक कि ये फिल्म नई रिलीज पर भी भारी साबित हो रही है और हर दिन करोड़ों कमा रही है. इस फिल्म ने इस बीच तमाम बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए हैं. चलिए यहां जानते हैं 'धुरंधर 2' ने रिलीज के 28वें दिन कितना कलेक्शन किया है?
'धुरंधर 2' की 28वें दिन कितनी रही कमाई?
आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और तब से लगातार अच्छा परफॉर्म कर रही है. रणवीर सिंह स्टारर ये फिल्म उनकी 2025 की हिट 'धुरंधर' का सीक्वल है और इसने पहली फिल्म के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पार कर लिया है. साथ ही, यह दुनिया भर में 3000 करोड़ से ज्यादा की कमाई करने वाली पहली फ्रेंचाइजी बन गई है. वहीं अब ये चौथे हफ्ते में भी गजब कमाई कर रही है.
11 सौ करोड़ी बनने से इंचभर दूर है 'धुरंधर 2'
'धुरंधर 2' की कमाई में चौथे मंगलवार के मुकाबले चौथे बुधवार को गिरावट दर्ज की गई. हालांकि इसका कुल कलेक्शन अब 1099.72 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं 28 लाख और कमाते ही ये फिल्म इतिहास रच देगी और हिंदी सिनेमा की पहली 11 सौ करोड़ी फिल्म बन जाएगी. चौथे गुरुवार को फिल्म हर हाल में ये ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लेगी और एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेगी जो शाहरुख खान से लेकर सलमान खान तक बड़े सुपरस्टार्स की फिल्में नहीं कर पाईं.
'धुरंधर 2' के बारे में
साल 2025 में आई 'धुरंधर' की सीक्वल 'धुरंधर 2' में रणवीर सिंह ने लीड रोल प्ले किया है. फिल्म में संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, राकेश बेदी, सारा अर्जुन. मानव गोहिल सहित कई कलाकारों ने अपने किरदारों में कमबैक किया है. इस फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है.