US Defense Secretary Pete Hegseth Warns Iran : समझौता नहीं हुआ तो हमारी सेना युद्ध के लिए तैयार, अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ का ईरान को कड़ा संदेश
Newsroompost-Hindi April 17, 2026 12:43 AM

नई दिल्ली। अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने ईरान के सैन्य नेतृत्व को कड़ा संदेश देते हुए कहा है, ईरान सोच-समझकर फैसला लें। आप ऐसा समझौता चुनें जो आपके लिए संभव हो और आपके लोगों और दुनिया के भले के लिए हो। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि अगर ईरान ने समझौता नहीं किया तो अमेरिकी सेना युद्ध के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों को धमकाना नियंत्रण नहीं है, यह समुद्री डकैती और आतंकवाद है। अमेरिकी नौसेना जलडमरूमध्य से यातायात को नियंत्रित कर रही है क्योंकि हमारे पास वास्तविक संसाधन और क्षमताएं हैं और हम अपनी नौसैनिक शक्ति के 10 प्रतिशत से भी कम का उपयोग करके इस नाकाबंदी को लागू कर रहे हैं।

हेगसेथ ने कहा कि ईरान की ऊर्जा आपूर्ति रुकी हुई है और हम इसे अनिश्चित काल तक जारी रख सकते हैं। ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण का दावा करता हैं, लेकिन इनके पास वास्तविक क्षेत्र की जानकारी का अभाव है। हम ईरान पर नजर रख रहे हैं। हमारी और आपकी (ईरान की) सेना की क्षमताएं एक जैसी नहीं हैं, याद रखिए, यह बराबरी का मुकाबला नहीं है। उन्होंने कहा कि हम भी जानते हैं कि आप कौन से सैन्य संसाधन कहां और कैसे तैनात कर रहे हैं, आपके पास कोई रक्षा उद्योग नहीं है, न ही अपनी आक्रमण और रक्षात्मक क्षमताओं को बढ़ाने की कोई क्षमता है। आपके पास बस वही है जो आपके पास है और आप यह जानते हैं। हम जानते हैं कि आप चीजों को इधर-उधर तो कर सकते हैं, लेकिन वास्तव में उनका पुनर्निर्माण नहीं कर सकते।

अमेरिकी रक्षा सचिव ने आगे कहा, जैसा कि हमारे वार्ताकारों का कहना है ईरान, एक समृद्ध भविष्य और एक सुनहरा कल चुन सकता है और हम आशा करते हैं कि ईरानी नेतृत्व अपनी जनता के लिए ऐसा ही करेगा। इस बीच और जब तक जरूरी होगा, हम होर्मुज स्ट्रेट में सफल नाकाबंदी को बनाए रखेंगे। अगर ईरान कोई गलत फैसला लेता है, तो उसे और कड़ी नाकेबंदी का सामना करना पड़ेगा। उसे अपने बुनियाद ढांचों, बिजली और ऊर्जा पर नाकाबंदी तथा बमबारी की मार झेलनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि हालांकि हम ऐसा करना नहीं चाहते, लेकिन अपने राष्ट्रपति के आदेश पर और एक बटन दबाते ही कार्रवाई करने के लिए हम तैयार हैं।

 

 

 

 

The post US Defense Secretary Pete Hegseth Warns Iran : समझौता नहीं हुआ तो हमारी सेना युद्ध के लिए तैयार, अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ का ईरान को कड़ा संदेश appeared first on News Room Post.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.