अशोक खरात मामले के अहम गवाह डॉ. जितेंद्र शेलके की सड़क हादसे में मौत, साजिश को लेकर उठे सवाल
Navjivan Hindi April 17, 2026 11:43 PM

महाराष्ट्र की राजनीति को हिलाकर रख देने वाले अशोक खरात उर्फ भोंदू बाबा मामले में एक नया मोड़ आ गया है। उस मामले के अहम गवाह की सड़क हादसे में मौत हो गई है। समृद्धि महामार्ग पर हुए भीषण हादसे में इस मामले के गवाह डॉ. जितेंद्र शेलके की जान चली गई। इस दुर्घटना में उनकी पत्नी अनुराधा शेलके की भी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, डॉ. शेलके शनिवार दोपहर अपने परिवार के साथ छत्रपति संभाजीनगर से शिर्डी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धोत्रे गांव के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सीधे कंटेनर के नीचे घुस गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद काफी समय तक कार कंटेनर के नीचे फंसी रही। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक डॉ. शेलके और उनकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। वहीं, उनके बेटे को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि अशोक खरात से जुड़े इस चर्चित मामले में डॉ. जितेंद्र शेलके एक अहम गवाह थे। वे शिवनिका ट्रस्ट के उपाध्यक्ष भी थे और खरात के करीबी सहयोगी माने जाते थे। इस वजह से इस हादसे के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं और मामले को लेकर अटकलों का दौर तेज हो गया है।

अहमदनगर क्राइम ब्रांच ने इस घटना की पुष्टि की है। अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा समृद्धि हाईवे पर खड़े एक कंटेनर से टकराने के कारण हुआ, हालांकि पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां इस हादसे के हर पहलू की जांच कर रही हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई और वजह है।

बता दें कि अशोक खरात के खिलाफ नासिक, शिर्डी, वावी और सरकारवाड़ा समेत कई पुलिस थानों में पहले से भी कई एफआईआर दर्ज हैं। इन मामलों में उस पर दुष्कर्म, धोखे से यौन संबंध बनाने और अंधविश्वास फैलाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। हाल में अलग-अलग महिलाओं के साथ आपत्तिजनक स्थिति में खरात की कई वीडियो वायरल हुई थी, जिसके बाद राजनीतिक घमासान छिड़ गया था।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.