चीन-रूस या ईरान…अमेरिका के टॉप 10 वैज्ञानिकों की मौत और लापता होने के पीछे कौन?
TV9 Bharatvarsh April 19, 2026 10:42 AM

स्पेस, डिफेंस और अन्य ग्रहों पर जीवन से संबंधित जानकारी रखने वाले कम से कम 10 टॉप अमेरिकी वैज्ञानिकों की मौत या लापता होने के मामले ने सबको हैरान कर दिया है. जिसके चलते ट्रंप प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं. इस हफ्ते की शुरुआत में, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को प्रमुख वैज्ञानिकों की मौत और लापता होने के बारे में जानकारी दी गई थी.

अमेरिकी मीडिया के अनुसार, सबसे पहली मौत जुलाई 2023 में हुई थी. नासा जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी के भौतिक विज्ञानी (Physicist) माइकल डेविड हिक्स, जो कॉस्मेट और स्टेरॉइड्स के विशेषज्ञ थे. उनका 30 जुलाई 2023 को निधन हो गया. हालांकि उनकी मौत का कारण सार्वजनिक नहीं किया गया.

चीन, रूस या ईरान के लोगों का हाथ

मिसौरी से रिपब्लिकन सांसद और प्रतिनिधि सभा की एक कमेटी के सदस्य एरिक बर्लिसन ने कहा कि वह काफी समय से कुछ वैज्ञानिकों के लापता होने की घटनाओं की ओर ध्यान दिला रहे हैं. सांसद ने तर्क दिया कि वैज्ञानिकों के साथ हुई घटनाएं लगभग निश्चित रूप से गोपनीय एयरोस्पेस, डिफेंस और यूएफओ (उड़ने वाली अज्ञात वस्तुएं) संबंधी जानकारी तक उनकी पहुंच से जुड़ा है और इसमें चीन, रूस या ईरान के लोगों का हाथ हो सकता है.

सांसद ने टीवी कार्यक्रम फॉक्स एंड फ्रेंड्स से कहा कि क्या यह महज एक संयोग है, इसलिए हमें इसकी जांच करनी होगी. हमें अपने देश के टॉप इन्वेस्टिगेटर्स, एफबीआई और हर एजेंसी को इस मामले की जांच करने के लिए कहना होगा.

कुछ वैज्ञानिक सचमुच में गायब

बर्लिसन ने कहा कि कुछ वैज्ञानिक सचमुच में गायब हो गए, जिनके बारे में कोई सुराग नहीं है. इनमें वायुसेना के मेजर जनरल विलियम मैक्कलैंड भी शामिल हैं, जो फरवरी में लापता हो गए थे. सांसद ने दावा किया कि मैक्कलैंड ने यूएफओ पर अपने रिसर्च के संबंध में उनसे दो बार संपर्क करने की कोशिश की थी.

वैज्ञानिकों का गायब होना गंभीर मामला

ट्रंप ने इन वैज्ञानिकों के साथ हुई घटनाओं को काफी गंभीर मामला बताया और कहा कि जिन वैज्ञानिकों के लापता होने या मौत की खबरें आई हैं, उनमें से कुछ बहुत महत्वपूर्ण व्यक्ति थे. राष्ट्रपति ने कहा कि आने वाले दिनों में उन्हें इन मामलों के बारे में और जानकारी मिलेगी और पता चलेगा कि क्या इनके बीच कोई संबंध हो सकता है.

एफबीआई के साथ मिलकर करेंगे जांच

गुरुवार को जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि इन मामलों के बीच कोई संबंध है, तो उन्होंने जवाब दिया कि उन्हें लगता है कि ऐसा संयोगवश है. व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि प्रशासन सभी संबंधित एजेंसियों और एफबीआई के साथ मिलकर सभी मामलों की समीक्षा करने और उनमें मौजूद संभावित समानताओं की पहचान करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है.

उनके बयान में कहा गया, इस प्रयास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी, और व्हाइट हाउस जानकारी मिलते ही सूचना प्रदान करेगा. उन्होंने यह भी कहा था कि इन मामलों से जुड़े सवाल वैध हैं.

मौत या गायब होने वाले लोग
  • नोवार्टिस के रिसर्चर जेसन थॉमस 12 दिसंबर 2025 को लापता हो गए. जब वह घर नहीं लौटे तो उनकी पत्नी ने उनके लापता होने की पुलिस को सूचना दी. उनका शव 17 मार्च 2026 को मैसाचुसेट्स की एक झील से बरामद किया गया.
  • परमाणु भौतिक विज्ञानी (Nuclear Physicist) और एमआईटी के प्रोफेसर नूनो लौरेइरो की 15 दिसंबर 2025 को बोस्टन के पास उनके घर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई.
  • लॉस अलामोस के पूर्व कर्मचारी एंथनी चावेज 4 मई 2025 को लापता हो गए. उन्हें आखिरी बार, पैदल घर से निकलते हुए देखा गया था.
  • मेलिसा कैसियस 26 जून 2025 को अपने घर से लापता हो गईं. कैसियस लॉस अलामोस राष्ट्रीय लेबोरेटरी में प्रशासनिक सहायक थीं.
  • नासा की जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी के रिसर्चर फ्रैंक माइवाल्ड (61) का 4 जुलाई 2024 को लॉस एंजिलिस में निधन हो गया.
  • मोनिका जैसिंटो रेजा जेपीएल की कर्मचारी थीं, जो 22 जून, 2025 को लापता हो गईं.
  • 16 फरवरी 2026 को कार्ल ग्रिलमायर की उनके घर के बरामदे में गोली मारकर हत्या कर दी गई. वह कैलिफोर्निया इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (कैलिफोर्निया टेक्नोलॉजी) में खगोल भौतिक विज्ञानी (Astrophysicist) थे, जिन्होंने नासा के साथ मिलकर काम किया था और बाह्य ग्रहों के आसपास पानी की खोज की थी.
  • सरकारी ठेकेदार स्टीवन गार्सिया को आखिरी बार 28 अगस्त 2025 को अल्बुकर्क स्थित अपने घर से निकलते हुए देखा गया था. गार्सिया ने कंसास सिटी नेशनल सिक्योरिटी कैंपस में संपदा संरक्षक के रूप में काम किया, जो परमाणु हथियारों के लिए गैर-परमाणु घटकों का निर्माण करता है.
© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.