3-सिलेंडर हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ आ रही Maruti Baleno Facelift! पहले से कितनी बदल जाएगी?
सोमनाथ चटर्जी April 21, 2026 12:42 AM

भारत में प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में Maruti Baleno लंबे समय से सबसे पसंदीदा कारों में गिनी जाती है. अब कंपनी इस पॉपुलर कार को अपडेट करने की तैयारी कर रही है. आने वाली Baleno फेसलिफ्ट सिर्फ लुक्स में बदलाव तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसमें इंजन और टेक्नोलॉजी के मामले में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, जो इसे पहले से ज्यादा एडवांस और किफायती बना सकता है.

सबसे बड़ा बदलाव इसके इंजन और पावरट्रेन में देखने को मिल सकता है. नई Baleno में 3-सिलेंडर नया Z-सीरीज पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है, जो पहले ही नई Maruti Swift में इस्तेमाल किया जा चुका है. यह इंजन हल्का है, ज्यादा एफिशिएंट है और बेहतर माइलेज देने के लिए डिजाइन किया गया है. इससे कार की परफॉर्मेंस स्मूद रहेगी और फ्यूल की खपत भी कम होगी. लेकिन इस अपडेट की असली खासियत रेंज एक्सटेंडर हाइब्रिड टेक्नोलॉजी हो सकती है.

कैसी होगी गाड़ी की खासियत?

आसान भाषा में समझें तो यह एक अलग तरह का हाइब्रिड सिस्टम है. आम हाइब्रिड कारों में पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर दोनों मिलकर पहियों को चलाते हैं, लेकिन इस सिस्टम में पेट्रोल इंजन सीधे गाड़ी को नहीं चलाता. इसका काम सिर्फ बैटरी को चार्ज करना होता है, जबकि गाड़ी मुख्य रूप से इलेक्ट्रिक मोटर से चलती है.

इसका फायदा यह है कि कार ज्यादा समय तक इलेक्ट्रिक मोड में चल सकती है, जिससे पेट्रोल की खपत काफी कम हो जाती है. यानी रोजाना चलाने का खर्च घटेगा. साथ ही, यह सिस्टम स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड टेक्नोलॉजी के मुकाबले सस्ता पड़ सकता है, जिससे कार की कीमत को कंट्रोल में रखा जा सकता है. भारत जैसे बाजार में जहां लोग माइलेज और कीमत दोनों देखते हैं, वहां यह टेक्नोलॉजी काफी सफल हो सकती है.

कैसा होगा डिजाइन?

नई Baleno में फ्रंट हिस्से में नया बंपर, नई ग्रिल और शार्प लुक वाले हेडलैंप दिए जा सकते हैं, जिससे इसका लुक ज्यादा स्पोर्टी और मॉडर्न हो जाएगा. इसके साथ नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स भी मिल सकते हैं. पीछे की तरफ भी हल्के बदलाव जैसे नए टेललैंप या बंपर डिजाइन देखने को मिल सकते हैं, जिससे पूरी कार का लुक और प्रीमियम लगेगा.

इंटीरियर में भी कंपनी कुछ नए फीचर्स जोड़ सकती है. इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, अपडेटेड सॉफ्टवेयर, बेहतर कनेक्टिविटी फीचर्स, नई अपहोल्स्ट्री और ज्यादा प्रीमियम फिनिश मिलने की उम्मीद है. हालांकि, कार का साइज और केबिन स्पेस लगभग पहले जैसा ही रहेगा, क्योंकि मौजूदा मॉडल पहले से ही स्पेस के मामले में अच्छा माना जाता है.

Maruti Baleno का फेसलिफ्ट मॉडल इसी साल लॉन्च हो सकता है. इसके साथ ही Maruti Suzuki आने वाले समय में कई नई SUV और अन्य मॉडल्स भी लॉन्च करने की योजना बना रही है, जिससे कंपनी का पोर्टफोलियो और मजबूत होगा.

600 KM रेंज, शानदार फीचर्स और बहुत कुछ, मार्केट में एंट्री की तैयारी कर रही ये इलेक्ट्रिक कारें

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.