IPL 2026: एक ओवर में 3 विकेट, SRH के बॉलर ने रचा इतिहास, बना दिया ये खास रिकॉर्ड
TV9 Bharatvarsh April 22, 2026 09:42 AM

SRH vs DC: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने आईपीएल 2026 में लगातार तीसरी जीत के साथ खिताब के लिए अभी से अपनी दावेदारी मजबूती के साथ पेश कर दी है. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ SRH की इस जीत में सारी चर्चा अभिषेक शर्मा और ईशान मलिंगा ने बटोरी लेकिन एक गेंदबाज ऐसा भी रहा, जिसने एक ही ओवर में 3 विकेट लेकर अपना नाम SRH के इतिहास में दर्ज करवा लिया. ये गेंदबाज हैं हर्ष दुबे, जिन्होंने आखिरी ओवर में 3 शिकार किए.

21 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हैदराबाद ने 242 रन का बड़ा स्कोर बनाया और फिर 47 रन के अच्छे-खासे अंतर से जीत अपने नाम कर ली. उसकी इस जीत में अभिषेक शर्मा की 135 रन (नाबाद) की पारी का सबसे बड़ा रोल था, जिसके दम पर टीम इस स्कोर तक पहुंची. वहीं इसके बाद दिल्ली की पारी पर ब्रेक लगाने में बड़ी भूमिका निभाई श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मलिंगा ने, जिन्होंने सबसे ज्याद 4 विकेट झटके.

हर्ष का आखिरी ओवर वाला कमाल

वैसे तो दिल्ली की पारी के 18वें ओवर तक ही मैच का नतीजा साफ हो चुका था लेकिन पूरे 20 ओवर तो खेले ही जाने थे. दिल्ली को आखिरी ओवर में 51 रन की जरूरत थी और इसलिए कप्तान ईशान किशन ने बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे को गेंद थमाई. हर्ष एक ओवर डाल चुके थे और उसमें उन्होंने 10 रन दिए थे. ऐसा लग रहा था कि 20वें ओवर में कुछ बाउंड्री बटोरकर हार का अंतर कम किया जा सकेगा. मगर ऐसा नहीं हुआ और दुबे ने आखिरी ओवर में 3 विकेट लेकर दिल्ली को 195 रन पर ही रोक दिया.

SRH के पहले गेंदबाज बने हर्ष

आखिरी ओवर के इस कमाल के साथ ही हर्ष दुबे ने अपना नाम IPL और खास तौर पर हैदराबाद के इतिहास में दर्ज करवा दिया. असल में ये पहली बार था, जब सनराइजर्स हैदराबाद के किसी स्पिनर ने 20वें ओवर में 3 विकेट हासिल किए. वहीं IPL इतिहास में सिर्फ पांचवीं बार ऐसा हुआ. उनसे पहले अमित मिश्रा, एडम जैम्पा, राहुल तेवतिया और क्रुणाल पंड्या ही ऐसे स्पिनर रहे हैं, जिन्होंने पारी के 20वें ओवर में 3 विकेट लिए. मगर इनमें से कोई भी SRH का हिस्सा नहीं था, इसलिए हर्ष दुबे का कमाल बेहद खास है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.