Pahalgam: 'सिलसिला' से 'बजरंगी भाईजान' तक, पहलगाम में हुई है इन फिल्मों की शूटिंग
TV9 Bharatvarsh April 22, 2026 10:42 AM

Bollywood Films Shot in Pahalgam: आज यानी 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले को एक साल हो गया है. इस आतंकी हमले ने तमाम भारतीयों की आंखों को नम कर दिया था. हसीन वादियां, बर्फ से ढके पहाड़ और शांत झील, ये सभी जम्मू कश्मीर के पहलगाम की पहचान हैं. अपनी बेपनाह खूबसूरती की वजह से पहलगाम बॉलीवुड की शूटिंग लोकेशंस में सबसे टॉप पर रहा है. पहलगाम जम्मू कश्मीर की जन्नत कही जाती है. यहां के पहाड़, बहती नदियां और हरियाली से घिरा ये इलाका कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों की शूटिंग का गवाह रहा है. आइए एक नजर डालते हैं उन फिल्मों पर, जिनकी शूटिंग पहलगाम की हसीन वादियों में हुई है.

बॉलीवुड और कश्मीर का दशकों पुराना रिश्ता रहा है. पहलगाम हमेशा से ही मेकर्स की पसंदीदा शूटिंग लोकेशन रहा है. बहती नदियां और हरे मैदानों ने इसे फिल्मों के लिए खास बनाया है. पहलगाम को ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ भी कहा जाता है. पहलगाम में बेताब (1983), बजरंगी भाईजान, हैदर, राजी, हाईवे, जब तक है जान, ये जवानी है दीवानी, रॉकस्टार, सिलसिला, कभी-कभी और सत्ते पे सत्ता जैसी कई मशहूर फिल्मों की शूटिंग हुई है.

पहलगाम में शूट हुई ये फिल्में

बरसात:- सबसे पहले 1949 में आई ‘बरसात’ ने कश्मीर को सिल्वर स्क्रीन पर उतारा. राज कपूर के डायरेक्शन और अभिनय से सजी इस फिल्म में प्रेमनाथ, नरगिस दत्त और निम्मी जैसे सितारे थे. यहीं से कश्मीर के साथ बॉलीवुड का गहरा नाता शुरू हुआ.

कश्मीर की कली:- साल 1964 की आई फिल्म ‘कश्मीर की कली’ में शम्मी कपूर और शर्मिला टैगोर की जोड़ी ने ऑडियंस को मंत्रमुग्ध कर दिया था. शक्ति सामंत की इस रोमांटिक फिल्म में घाटी की खूबसूरत वादियों को बखूबी दर्शाया गया है.

कभी कभी:- साल 1976 फिल्म ‘कभी-कभी’ में यश चोपड़ा ने रोमांस और कश्मीर की वादियों को खूबसूरती से जोड़ा. फिल्म में अमिताभ बच्चन, राखी और ऋषि कपूर जैसे सितारे नजर थे.

सिलसिला:- साल 1981 में रिलीज हुई ‘सिलसिला’ एक लव ट्रायंगल कहानी थी, जिसमें कश्मीर की झलक दिखी थी.

बेताब:- साल 1983 में आई ‘बेताब’ अमृता सिंह और सनी देओल की डेब्यू मूवी की शूटिंग पहलगाम में की गई थी. इस मूवी में जो खूबसूरत लोकेशन दिखाई देती है, वो पहलगाम का ही इलाका है. सनी देओल की इस फिल्म की शूटिंग के बाद ही यहां की घाटी का नाम ‘बेताब वैली’ पड़ा.

मिशन कश्मीर:- साल 2000 में आई ‘मिशन कश्मीर’ ने घाटी में फैले आतंकवाद, धार्मिक संघर्ष और प्यार को एक साथ दिखाया. ऋतिक रोशन, संजय दत्त और प्रीति जिंटा की दमदार परफॉर्मेंस चर्चा में रही थी. इसके कई सीन कश्मीर में शूट किए गए थे.

जब तक है जान:- साल 2012 रिलीज हुई ‘जब तक है जान’ शाहरुख खान की हिट फिल्मों में से एक है, जिसके कई सीन पहलगाम में शूट किए गए. यहां के खूबसूरत लोकेशन को बॉलीवुड में कई बार फिल्मों में दिखाया गया है. खुद किंग खान इस जगह पर नजर आ चुके हैं.

ये जवानी है दीवानी:- साल 2013 में आई रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ में कश्मीर की जगहों को मनाली के तौर पर दिखाया गया है. फिल्म के कुछ पहाड़ी सीन की शूटिंग पहलगाम और गुलमर्ग में की गई थी.

हैदर:- साल 2014 में आई शाहिद कपूर की फिल्म ‘हैदर’ के भी कई सीन कश्मीर घाटी और पहलगाम के इलाकों में फिल्माए गए थे.

हाईवे:- साल 2014 में रिलीज हुई आलिया भट्ट और रणदीप हुड्डा की ‘हाईवे’ फिल्म का क्लाइमेक्स को पहलगाम के खूबसूरत इलाकों में पिक्चराइज करने की बात सामने आई थी.

बजरंगी भाईजान:- साल 2015 की सुपरहिट ‘बजरंगी भाईजान’ के कई सीन कश्मीर और पहलगाम में शूट किए गए थे. सलमान खान की इस फिल्म के कई अहम सीन पहलगाम की आरू वैली में फिल्माए गए थे.

लैला मजनू:- साल 2018 में रिलीज हुई तृप्ति डिमरी की फिल्म ‘लैला मजनू’ की शूटिंग पहलगाम के खूबसूरत इलाके में हुई थी. ये फिल्म सितंबर 2024 में री-रिलीज की गई थी.

राजी:- साल 2018 में आई ‘राजी’ में पाकिस्तान के बैकग्राउंड को दिखाने के लिए कश्मीर के पहलगाम इलाके में कई सीन शूट करने की जानकारी है. आलिया भट्ट और विक्की कौशल की ये मूवी सुपरहिट रही थी. इसके अलावा, चंदू चैंपियन की शूटिंग भी पहलगाम की आरू वैली में हुई थी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.