'विदेशी स्टाइल में प्रपोज करूंगी…', कहकर बॉयफ्रेंड के बांधे हाथ-पैर, फिर लगा दी आग, रूह कंपा देगी ये मर्डर मिस्ट्री
TV9 Bharatvarsh April 22, 2026 10:42 AM

Bengaluru News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक युवती ने प्रेम और विश्वास के रिश्ते को कलंकित करते हुए अपने ही प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दीय आरोप है कि युवती ने वेस्टर्न स्टाइल (पश्चिमी शैली) में शादी का प्रस्ताव देने के बहाने पहले प्रेमी के हाथ-पैर बांधे और फिर उसे जिंदा जला दिया.

मृतक की पहचान किरण के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, किरण और आरोपी युवती एक ही कंपनी में साथ काम करते थे और पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध में थे. मंगलवार को जब युवती के माता-पिता घर पर नहीं थे, तब उसने किरण को अपने घर बुलाया.

घटना की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि युवती ने किरण को एक ‘सरप्राइज प्रपोजल’ का झांसा दिया. उसने किरण से कहा कि वह उसे ‘विदेशी अंदाज’ में शादी के लिए प्रपोज करना चाहती है. इसी बहाने उसने किरण की आxखों पर पट्टी बांध दी और उसके हाथ-पैर रस्सियों से जकड़ दिए. जब किरण ने बंधन कड़े होने पर सवाल उठाया, तो युवती ने उसे यह कहकर शांत करा दिया कि “यह विदेशी स्टाइल है, तुम बस चुप रहो.”

साजिश और क्रूरता की पराकाष्ठा

जैसे ही किरण पूरी तरह असहाय हुआ, युवती ने उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी. बेबस किरण खुद को बचाने में नाकाम रहा और मौके पर ही उसकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी युवती ने इस पूरी खौफनाक वारदात का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया.

ये भी पढ़ें: बरेली में दिल दहला देने वाली वारदात, फौजी की पत्नी का गला घोंटकर मर्डर; CCTV में आरोपी कैद!

पुलिस जांच और खुलासे

शुरुआत में युवती ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. उसने बयान दिया कि वह शौचालय में थी और किरण ने खुद को आग लगा ली. हालांकि, ब्यादराहल्ली पुलिस की तफ्तीश में उसकी कहानी झूठी निकली. CCTV फुटेज से स्पष्ट हुआ कि किरण के पास पेट्रोल नहीं था. पुलिस को संदेह है कि पेट्रोल युवती ने पहले से ही लाकर रखा था. मोबाइल से मिला वीडियो इस क्रूरता का सबसे बड़ा प्रमाण बना है. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया है और हत्या के पीछे के असल मकसद (जैसे कोई पुराना विवाद या प्रतिशोध) की गहराई से जांच कर रही है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.