आज के समय में करियर के कई नए विकल्प तेजी से उभर रहे हैं, जिनमें एनिमेशन एक प्रमुख और आकर्षक फील्ड बनकर सामने आया है. फिल्मों, वेब सीरीज, गेमिंग और डिजिटल कंटेंट की बढ़ती लोकप्रियता ने इस क्षेत्र की मांग को काफी बढ़ा दिया है. खासकर युवाओं के लिए यह एक ऐसा करियर विकल्प है, जिसमें क्रिएटिविटी के साथ अच्छा पैसा भी कमाया जा सकता है. अगर आपको ड्रॉइंग, डिजाइन और कुछ नया बनाने का शौक है, तो एनिमेशन आपके लिए बेहतर ऑप्शन हो सकता है. आइए जानते हैं इस फील्ड में करियर कैसे बनाया जा सकता है.
क्या होता है एनिमेशन का काम?एनिमेशन एक ऐसी तकनीक है, जिसमें स्थिर तस्वीरों या ग्राफिक्स को इस तरह से तैयार किया जाता है कि वो चलती हुई नजर आएं. आसान शब्दों में कहें तो यह इमेज को जीवंत बनाने की कला है. इसमें 2D एनिमेशन, 3D एनिमेशन, VFX (विजुअल इफेक्ट्स) और मोशन ग्राफिक्स जैसे कई काम शामिल होते हैं. इनका इस्तेमाल फिल्मों, कार्टून, गेम्स और विज्ञापनों में किया जाता है.
एनिमेशन के लिए क्या पढ़ाई करनी होती है?एनिमेशन में करियर बनाने के लिए 12वीं के बाद कई तरह के कोर्स उपलब्ध हैं. स्टूडेंट्स अपनी रुचि के अनुसार डिप्लोमा, सर्टिफिकेट या स्पेशलाइजेशन कोर्स कर सकते हैं. डिप्लोमा कोर्स आमतौर पर 6 महीने से 1 साल तक के होते हैं, जबकि सर्टिफिकेट कोर्स 3 से 6 महीने के होते हैं. इसके अलावा 3D एनिमेशन, गेम डिजाइन, VFX और मोशन ग्राफिक्स जैसे खास क्षेत्रों में भी अलग-अलग कोर्स किए जा सकते हैं.
किन क्षेत्रों में है एनिमेशन की मांग?आज के डिजिटल दौर में एनिमेशन की जरूरत कई इंडस्ट्री में बढ़ रही है. फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में इसका सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है. इसके अलावा गेमिंग कंपनियां, विज्ञापन एजेंसियां, डिजिटल मार्केटिंग कंपनियां और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर भी एनिमेशन एक्सपर्ट की मांग लगातार बढ़ रही है.
कितनी होती है कमाई?एनिमेशन फील्ड में शुरुआत में करीब 15,000 से 30,000 रुपये प्रति माह तक सैलरी मिल सकती है. जैसे-जैसे अनुभव बढ़ता है, कमाई 50,000 से 1 लाख रुपये या उससे ज्यादा भी हो सकती है. वहीं, फ्रीलांसिंग के जरिए भी अच्छी कमाई के अवसर मिलते हैं, जिससे आप अपनी स्किल के अनुसार ज्यादा पैसा कमा सकते हैं.