'बोल दिया ना, तू मायके नहीं जाएगी…', पत्नी की कुल्हाड़ी से कर दी हत्या, फिर खून से सनी लाश संग सोता रहा पति
TV9 Bharatvarsh April 27, 2026 02:43 PM

Husband Killed Wife: पति-पत्नी का रिश्ता विश्वास और सम्मान की बुनियाद पर टिका होता है. लेकिन जब इसी रिश्ते में सनक और हैवानियत घर कर जाए, तो परिणाम रूह कपा देने वाले होते हैं. झारखंड के बोकारो जिले से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने मामूली विवाद में अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी और पूरी रात उसकी खून से लथपथ लाश के बगल में चैन की नींद सोता रहा.

दिल दहला देने वाली यह घटना पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के चाकुलिया पंचायत अंतर्गत रामडीह गांव की है. जानकारी के अनुसार, आरोपी विकास रजवार और उसकी पत्नी सोनू देवी के बीच शनिवार रात किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ. विवाद की जड़ सोनू देवी का मायके जाने की जिद करना बताया जा रहा है. सोनू अपने मायके जाना चाहती थी, लेकिन विकास इसके खिलाफ था. बहस इतनी बढ़ी कि विकास के सिर पर खून सवार हो गया.

हत्या के बाद पी शराब और सो गया

आरोप है कि गुस्से में आकर विकास ने घर में रखी तेज धारदार कुल्हाड़ी उठाई और सोनू के गले पर वार कर दिया. वार इतना घातक था कि सोनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हैवानियत यहीं नहीं रुकी. हत्या करने के बाद विकास को जरा भी पछतावा नहीं हुआ. उसने जमकर शराब पी और फिर पत्नी की खून से सनी लाश के पास ही जाकर सो गया.

ये भी पढ़ें: प्रेग्नेंट लेडी के सीने पर बैठ दबाने लगी पेट, पैदा होते ही नवजात की मौत फिर लाश देने के लिए भी मांगे पैसे, बदायूं में नर्सिंग होम की करतूत

सुबह जब खुला दरवाजा, तो फटी रह गईं आंखें

मामले का खुलासा रविवार सुबह हुआ. जब काफी देर तक पति-पत्नी के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को चिंता हुई. उन्होंने दरवाजा खुलवाया तो अंदर का मंजर देखकर उनकी चीख निकल गई. बिस्तर पर सोनू देवी का शव खून से लथपथ पड़ा था और बगल में विकास बेधड़क सो रहा था. देखते ही देखते पूरे गांव में यह खबर आग की तरह फैल गई.

पुलिस की कार्रवाई और अनुसंधान

स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पिंड्राजोरा थाना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है और आरोपी पति विकास रजवार को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अब इस अजीबोगरीब हत्याकांड के पीछे के अन्य कारणों की भी तलाश कर रही है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.