Maruti Suzuki का बड़ा दांव: छोटी कारों, SUVs और EVs में करेगी भारी निवेश, जानें क्या है फ्यूचर प्लान
सोमनाथ चटर्जी April 30, 2026 11:42 PM

मारुति सुजुकी ने हाल ही में अपनी अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज की है. कंपनी ने भारत में करीब 19.7 लाख यूनिट्स की बिक्री की है, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है. इसके साथ ही कंपनी ने अब तक का सबसे ज्यादा डिविडेंड भी घोषित किया है. हालांकि मुनाफे में थोड़ी गिरावट देखी गई है, खासकर पिछली तिमाही की तुलना में, लेकिन इसकी वजह बढ़ती लागत बताई जा रही है. इसके बावजूद कंपनी की कुल बिक्री मजबूत बनी हुई है. इस सफलता के बाद अब मारुति सुजुकी ने भविष्य के लिए बड़ा प्लान तैयार किया है, जिसमें नई कारों और टेक्नोलॉजी पर निवेश किया जाएगा.

छोटी कारों और SUVs पर रहेगा फोकस

मारुति सुजुकी आने वाले समय में छोटी कारों और SUVs दोनों पर बराबर ध्यान देगी. कंपनी नई हैचबैक कारें लॉन्च करेगी, जिनमें मौजूदा मॉडल्स के नए वर्जन भी शामिल होंगे. इसके साथ ही Brezza और Fronx जैसे पॉपुलर मॉडल के नए और अपडेटेड वर्जन भी देखने को मिल सकते हैं. SUV सेगमेंट में कंपनी अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है, इसलिए माइक्रो SUV से लेकर बड़ी SUVs तक कई नए मॉडल लाने की तैयारी है. Vitara जैसे मॉडल ने पहले ही कंपनी की SUV मार्केट में हिस्सेदारी बढ़ाई है, और आगे भी इसी तरह के नए मॉडल आने की उम्मीद है.

इलेक्ट्रिक गाड़ियों में भी तेजी

अब कंपनी इलेक्ट्रिक वाहनों पर भी तेजी से काम कर रही है. हाल ही में लॉन्च हुई e-Vitara कंपनी की पहली इलेक्ट्रिक SUV है. आने वाले समय में मारुति सुजुकी और भी नई EVs लॉन्च करेगी. खबर है कि कंपनी एक इलेक्ट्रिक MPV भी ला सकती है, जिससे उसका EV पोर्टफोलियो और मजबूत होगा. ये कदम इसलिए भी जरूरी है क्योंकि भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है.

प्रोडक्शन कैपेसिटी और निवेश

कंपनी इस समय अपनी पूरी प्रोडक्शन कैपेसिटी का इस्तेमाल कर रही है. लेकिन बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए नई उत्पादन लाइनें शुरू की जा रही हैं. मारुति सुजुकी इस वित्त वर्ष में भारी निवेश करने की तैयारी रही है, ताकि भविष्य में बढ़ती डिमांड को आसानी से पूरा किया जा सके.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.