How Salim Dola Was Arrested: इस तरह पकड़ में आया दाऊद इब्राहिम का करीबी ड्रग्स तस्कर सलीम डोला, कई साल से भारतीय एजेंसियों को छका रहा था
Newsroompost-Hindi May 02, 2026 05:44 PM

नई दिल्ली। बीते दिनों भारतीय एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली, जब दाऊद इब्राहिम के करीबी ड्रग्स तस्कर को तुर्की के इस्तांबुल में गिरफ्तार करवा कर भारत लाया गया। भारतीय एजेंसियों को सलीम डोला की कई साल से तलाश थी। उसके बारे में कुछ पता नहीं चल रहा था, लेकिन सलीम डोला की एक गलती ने उसे तुर्की में गिरफ्तार करा दिया और अब भारतीय एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।

न्यूज चैनल एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि इंटरपोल की मदद से भारत की जांच एजेंसियां लगातार सलीम डोला को तलाश रही थीं। हर बार वो चकमा दे जाता। खबर के मुताबिक भारतीय एजेंसियों के हाथ से बच निकलने के लिए ही सलीम डोला तुर्की के इस्तांबुल में जाकर छिप गया था। सूत्रों के मुताबिक सलीम डोला बीते करीब डेढ़ साल से इस्तांबुल के अपने घर से निकला नहीं था। यहां तक कि भारतीय एजेंसियों की ट्रैकिंग से बचने के लिए सलीम डोला ने अपने पास फोन तक नहीं रखा था। वो सोशल मीडिया भी इस्तेमाल नहीं करता था। चैनल को सूत्रों ने बताया कि सलीम डोला पकड़ में नहीं आता, लेकिन उसने हर अपराधी की तरह एक चूक कर दी। उसने इस्तांबुल के अपने घर के पते पर एक कोरियर मंगाया। जिसकी भारतीय एजेंसियों को जानकारी मिल गई।

इस जानकारी के मिलने के बाद ही भारतीय एजेंसियों ने इंटरपोल को जानकारी दी। इंटरपोल ने इस्तांबुल पुलिस को सलीम डोला के बारे में बताया और उसे तुर्की में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास बुल्गारिया और भारत के दो पासपोर्ट मिले। बुल्गारिया के पासपोर्ट में सलीम डोला का नाम हमजा लिखा था। सलीम डोला तुर्की को अपनी ड्रग्स तस्करी के ट्रांजिट रूट के तौर पर इस्तेमाल कर रहा था। भारत में भी वो एमडीएमए ड्रग्स की तस्करी करता था। खास बात ये है कि तुर्की ने प्रत्यर्पण संधि न होने के बावजूद सलीम डोला को भारत को सौंप दिया। जबकि, तुर्की ने भारत से हमेशा टकराव लिया है और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने तुर्की पर बने ड्रोन से भारतीय सेना पर हमलों की कोशिश भी की थी।

The post How Salim Dola Was Arrested: इस तरह पकड़ में आया दाऊद इब्राहिम का करीबी ड्रग्स तस्कर सलीम डोला, कई साल से भारतीय एजेंसियों को छका रहा था appeared first on News Room Post.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.