गुरुग्राम से शनिवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई है. जानकारी के मुताबिक सनकी पति ने पत्नी और 4 बच्चों को जहर दे दिया. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद की नस काटकर सुसाइड करने की कोशिश की. यह परिवार गुरुग्राम के वजीरपुर गांव में किराए पर रहता था.
बता दें कि आरोपी नाजिम को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां पुलिस निगरानी में उसका इलाज जारी है. नाजिम मुरादाबाद का रहने वाला है. यह गुरुग्राम में किराए पर रहकर सैलून चलाता था. इस सनसनीखेज वारदात में 35 वर्षीय पत्नी और 14, 12, 10 और 8 साल के चार बच्चों की मौत हुई है.
एक ही परिवार के 5 लोगों की मौतदरअसल दिल्ली से सटे हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम के वजीरपुर गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम और सनसनी फैल गई है. आरोप है कि परिवार के मुखिया नाज़िम ने अपनी 35 वर्षीय पत्नी और चार मासूम बच्चों को जहर देकर उनकी जान ले ली. मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी नाजिम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला है. वह वजीरपुर गांव में एक किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहता था और वहीं पास में एक सैलून चलाता था. मृतकों में उसकी 35 साल की पत्नी और चार बच्चे शामिल हैं, जिनकी उम्र महज 14, 12, 10 और 8 साल थी.
आरोपी ने खुद की भी काटी नसवारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नाजिम ने भागने या छिपने के बजाय खुद को भी जान से मारने की कोशिश की. उसने जहर देने के बाद अपनी नस काट ली और आत्महत्या का प्रयास किया. स्थानीय लोगों और सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने नाजिम को लहूलुहान और घायल अवस्था में गुरुग्राम के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
जांच में जुटी पुलिसघटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है. पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में यह सामूहिक हत्याकांड का मामला लग रहा है, लेकिन आरोपी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी होना बाकी है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: गुलशन