बिहार: गंगा में समाया भागलपुर विक्रमशिला पुल का एक हिस्सा, वाहनों की आवाजाही ठप, टला बड़ा हादसा
TV9 Bharatvarsh May 04, 2026 08:42 AM

बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला पुल का 133 नंबर पिलर के पास का स्लैब रविवार देर रात ध्वस्त होकर गंगा नदी में समा गया. भागलपुर डीएम नवल किशोर चौधरी ने बताया, रात करीब 12:35 बजे पिलर संख्या 133 के पास एक स्लैब धंसने लगा. हमारे स्थानीय अधिकारी और एसएचओ की सूझबूझ से लोगों को वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया. लोगों को निकालते ही 15 मिनट के भीतर पुल का एक हिस्सा गंगा नदी में गिर गया. गनीमत रही कि उस जगह कोई वाहन नहीं था.

उन्होंने कहा कि भागलपुर और नवगछिया दोनों तरफ से पुल को सील कर दिया गया है. यातायात रोक दिया गया है. हम रात में वैकल्पिक मार्ग शुरू नहीं कर सकते. जो लोग भागलपुर आना चाहते हैं, वे मुंगेर की तरफ से आ सकते हैं. हम वैकल्पिक व्यवस्था की तलाश कर रहे हैं.

#WATCH | Bhagalpur, Bihar: DM Naval Kishore Choudhary says, “Around 12:35 in the night, a slab started sinking near pillar number 133. Due to the presence of mind of our local officer and SHO, people were evacuated from there. As soon as people were evacuated, within 15 minutes, https://t.co/EAQO76nQl3 pic.twitter.com/buezb3x9N1

— ANI (@ANI)

विक्रमशिला पुल का एक पिलर ध्वस्त

दरअसल बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला पुल का एक पिलर ध्वस्त हुआ और उस पर टिका स्लैब पूरी तरह गंगा नदी में समा गया. देर रात पुल टूटने से अफरा-तफरी मच गई, हालांकि गनीमत रही कि पिलर ध्वस्त होने से पहले पुलिस और प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए आवागमन रोक दिया था, जिससे कोई वाहन उसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया. वहीं हादसे के बाद नवगछिया और भागलपुर के बीच का संपर्क टूट गया है. घटना के बाद प्रशासन भी मौके पर पहुंचा. पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की हिदायत दी है.

कब हुई हादसे की शुरुआत

बता दें कि हादसे की शुरुआत रविवार रात तब हुई जब पिलर नंबर 133 अचानक बैठना शुरू हुआ. पुल पर तैनात पुलिस जवानों ने तत्काल इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी. सूचना मिलते ही भागलपुर रेंज के आईजी विवेक कुमार ने एसएसपी प्रमोद कुमार यादव और नवगछिया एसपी राजेश कुमार को तत्काल प्रभाव से वाहनों का आवागमन रुकवाने का निर्देश दिया. इसके बाद पिलर और उसके आसपास का हिस्सा खाली करा लिया गया था. आखिरकार, देर रात 1 बजे के करीब पिलर पूरी तरह ध्वस्त होकर गंगा नदी में समा गया.

इस खबर को हम अपडेट कर रहे हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.