iPhone 17: ऐप्पल ने पिछले साल सितंबर में जब iPhone 17 Series लॉन्च की थी तो ज्यादातर लोगों को ध्यान इसके प्रो मॉडल्स पर था. नए कलर और नए डिजाइन के साथ आए प्रो मॉडल्स के अलावा ऐप्पल के सबसे पतले मॉडल iPhone Air की भी खूब चर्चा हुई थी. iPhone 17 के बारे में कम ही चर्चा हो रही थी, लेकिन यह लंबी रेस का घोड़ा साबित हुआ है. यह मॉडल अब दुनिया में सबसे ज्यादा बिकने वाला फोन बन गया है. चीन और अमेरिका में इसकी धड़ाधड़ बिक्री हो रही है और बाकी मार्केट्स में भी इसने अपने जलवा बिखेरा है.
पहली तिमाही में सबसे ज्यादा बिकने वाला फोन बना iPhone 17
काउंटरप्वाइंट रिसर्च की रिपोर्ट बताती है कि 2026 की पहली तिमाही में iPhone 17 की सबसे ज्यादा बिक्री हुई है और इसके पास 6 प्रतिशत मार्केट शेयर है. अगर अमेरिका और चीन की बात करें तो यहां मार्केट शेयर दहाई के आंकड़े में पहुंच गया है. iPhone 17 ने ऐप्पल के पोर्टफोलिया में iPhone 16 को रिप्लेस किया था, जो पिछले साल का भारत समेत पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल था. iPhone 17 के बाद सबसे ज्यादा बिकने वाले फोन की लिस्ट में iPhone 17 Pro Max दूसरे और iPhone 17 Pro तीसरे स्थान पर रहे.
iPhone 17 को क्यों पसंद कर रहे हैं लोग?
प्रो मॉडल वाला डिस्प्ले- ऐप्पल पिछले कुछ सालों से बेस वेरिएंट में 60Hz रिफ्रेस रेट वाला डिस्प्ले देती आई थी. इसकी तुलना में दूसरी कंपनियां 120Hz वाला डिस्प्ले ऑफर कर रही थीं. इस गैप को भरते हुए ऐप्पल ने iPhone 17 में भी प्रो मॉडल्स की तरह 120Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले दिया है. सालों से इसका इंतजार कर रहे लोगों को कंपनी की यह अपग्रेड खूब पसंद आई.
परफॉर्मेंस में भी लाजवाब
iPhone 17 को ऐप्पल के A19 चिपसेट से लैस किया गया है. यह प्रो मॉडल के A19 Pro चिपसेट जितना पावरफुल नहीं है, लेकिन फिर भी कई हैवी टास्क को आसानी से हैंडल कर लेता है. अगर इसकी परफॉर्मेंस की बात करें तो यह अपने एंड्रॉयड कंपीटिटर से काफी आगे है.
कैमरा भी दमदार
iPhone 17 के रियर में डुअल कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें 48MP का प्राइमरी सेंसर और 48MP का अल्ट्रावाइड लेंस लगा हुआ है. फ्रंट की बात करें तो सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 18MP का सेंटर स्टेज सेंसर दिया गया है. ज्यादातर यूजर्स के लिए यह कैमरा सेटअप पर्याप्त है. यह कम लाइट वाली कंडीशन में भी दमदार फोटो कैप्चर कर सकता है, वहीं वीडियो रिकॉर्डिंग में काफी आगे है.
कीमत ने भी किया ग्राहकों को अट्रैक्ट
ऐप्पल ने iPhone 17 को 82,990 रुपये में लॉन्च किया था. यह iPhone 16 की शुरुआती कीमत से थोड़ी ज्यादा है, लेकिन इस कीमत में ग्राहकों को 128GB की जगह 256GB स्टोरेज मिल रही है. इसके अलावा पिछले कुछ समय से प्रीमियम स्मार्टफोन की डिमांड बढ़ी है और ऐप्पल के ब्रांड परसेप्शन ने भी लोगों को इस मॉडल की तरफ खींचने में मदद की है.
सालों पुराना फोन भी लगेगा एकदम नया, बस करने होंगे चुटकियों में होने वाले ये आसान काम