IPL 2026: संजू सैमसन के शरीर पर सवाल, इस दिग्गज ने कहा- कंडीशन बेहतर नहीं
TV9 Bharatvarsh May 06, 2026 02:43 PM

DC vs CSK: संजू सैमसन के शरीर पर सवाल उठते दिखे हैं. दिल्ली के खिलाफ मैच में तो संजू सैमसन छा गए. चेन्नई सुपर किंग्स को जीत भी दिला दी. मगर उसके बाद एक दिग्गज क्रिकेटर से उनकी शारीरिक स्थिति के बारे में कुछ बड़ा सुनने को मिला. संजू सैमसन के शरीर पर टिप्पणी कर सवाल उठाने वाले दिग्गज भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर हैं. उन्होंने कहा कि संजू सैमसन जैसे खेल रहे हैं, वो काबिलेतारीफ है मगर उनकी मौजूदा शारीरिक स्थिति अच्छे कंडीशन में नहीं है. मतलब उन्हें अपनी फिटनेस पर काम करने की जरूरत हैं.

DC के खिलाफ संजू सैमसन की जबरदस्त बैटिंग

संजू सैमसन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 5 मई को खेले मुकाबले में 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 52 गेंदों पर नाबाद 87 रन बनाए. 167 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से खेली सैमसन की इस इनिंग में 7 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. संजू सैमसन एक बार जो क्रीज पर ओपनिंग करने उतरे तो फिर 18वें ओवर में CSK को जीत दिलाकर ही लौटे. मतलब उन्होंने लंबी बैटिंग की. कुल मिलाकर देखें तो उनकी बल्लेबाजी फॉर्म और फिटनेस का जबरदस्त कॉकटेल रही.

संजय मांजरेकर ने शरीर पर उठाए सवाल

हालांकि, संजय मांजरेकर उनकी बल्लेबाजी से प्रभावित हैं मगर फिटनेस से नहीं. उन्होंने कहा कि अभी जिस तरह की कंडीशन में बॉडी है संजू सैमसन को विराट कोहली के जैसे अपनी फिटनेस पर काम करने की जरूरत है. मांजरेकर के मुताबिक इससे सैमसन का करियर लंबा चल सकता है.

सैमसन के शरीर की कंडीशन बेहतर नहीं- मांजरेकर

संजय मांजरेकर ने स्पोर्टस्टार के इनसाइट एज पॉडकास्ट में कहा कि संजू सैमसन 25 साल के नहीं है. उन्होंने अपनी कामयाबियों के शिखर को छू लिया है. अब जरूरत है उस लेवल को बरकरार रखने की, जिसके लिए फिटनेस जरूरी है. मांजरेकर ने कहा कि उन्हें लगता है कि सैमसन के शरीर की कंडीशन अभी उतनी बेहतर नहीं है.

विराट कोहली को फॉलो करने की सैमसन को सलाह

उन्होंने विराट कोहली का उदाहरण दिया और कहा कि करियर कैसे लंबा बनाया जाता है, वो उसके सबसे बड़े उदाहरण हैं. विराट ऐसा कर पाए क्योंकि उन्होंने अपनी फिटनेस को महत्व दिया. विराट की क्रिकेट काबिलियत से हम सभी वाकिफ हैं. लेकिन साथ में उन्होंने ये भी सुनिश्चित किया कि शरीर उनकी क्रिकेट में रुकवट ना बने.सीधी भाषा में कहें तो संजय मांजरेकर ने संजू सैमसन से अपनी फिटनेस पर काम करने और इस मामले में विराट कोहली को फॉलो करने की सलाह दी है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.