TV Remote Cleaning: आपके टीवी का रिमोट दिनभर में कई हाथों से गुजरता होगा. अगर आप नेटफ्लिक्स जैसी स्ट्रीमिंग ऐप्स यूज करते हैं तो इसका इस्तेमाल भी बढ़ जाता है. कई कंपनियों के टीवी के साथ ऐसे रिमोट आते हैं, जिनसे गेम खेले जा सकते हैं और दूसरे स्मार्ट डिवाइस भी यूज हो जाते हैं. इसका मतलब है कि टीवी के रिमोट पर दिनभर में कई हाथ लगते हैं, जिससे इस पर बैक्टीरिया, ऑयल और दूसरी कई चीजें जम सकती हैं, जिसके चलते इसकी सफाई जरूरी हो जाती है. आज हम जानेंगे कि टीवी रिमोट को कब साफ करना चाहिए.
टीवी के रिमोट को कब साफ करना चाहिए?
टीवी रिमोट को साफ रखना मुश्किल काम नहीं है. भारतीय घरों में लोग रिमोट पर कवर या पॉलिथीन लगाकर यूज करते हैं, जिससे रिमोट एकदम साफ रहता है. अगर आप इसे बिना कवर के यूज कर रहे हैं तो इसकी सफाई जरूरी हो जाती है. कई रिपोर्ट्स में बताया गया है कि रिमोट को हफ्ते में एक बार साफ कर लेना चाहिए, वहीं कई रिपोर्ट्स कहती हैं कि रिमोट को महीने में कम से कम एक बार साफ करना चाहिए. अगर आपका कोई फैमिली मेंबर बीमार है और वह टीवी रिमोट यूज कर रहा है तो इसे रोजाना सैनिटाइज करना ज्यादा सुरक्षित रहता है.
कैसे करें टीवी रिमोट की सफाई?
रिमोट की सफाई करते समय सबसे पहले इसकी बैटरी को निकाल दें. बैटरी के साथ रिमोट को साफ करना भारी पड़ सकता है. बैटरी हटाने के बाद रिमोट को उल्टा कर लें. यानी बटनों वाला हिस्सा नीचे होने चाहिए. इसके बाद इसे हल्के से थपथपाएं. इससे बटनों पर जमी धूल-मिट्टी नीचे आ जाएगी. अगर आपको लगता है कि बटनों के बीच में ज्यादा गंदगी जमी है तो आप कंप्रेश्ड हवा या टूथपिक का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
क्लीनर को डायरेक्ट स्प्रे न करें
रिमोट या कोई भी दूसरा गैजेट साफ करते समय क्लीनर को कभी भी डायरेक्ट स्प्रे नहीं करना चाहिए. इससे कलर खराब होने का खतरा रहता है. सबसे सही तरीका है कि क्लीनर को पहले किसी मुलायम कपड़े पर स्प्रे करें. फिर इस कपड़े से बटन साफ करें. जब इस तरीके से पूरे रिमोट की सफाई हो जाए तो एक ड्राई कपड़ा लेकर रिमोट को अच्छे से पोंछ लें. जब रिमोट पूरी तरह सूख जाए तो उसके बाद इसमें बैटरी लगाए. अब आपका रिमोट दोबारा यूज करने के लिए पूरी तरह तैयार है.
कब लॉन्च होगा बिना ऐप्स चलने वाला OpenAI का फोन और क्या होंगे फीचर्स? सारी जानकारी आ गई सामने