इंडिया टीवी शोबिज के नए और दिलचस्प कार्यक्रम 'नथिंग सीरियस' के पहले एपिसोड में पंजाबी अदाकारा सोनम बाजवा और अभिनेता परमवीर सिंह चीमा ने भाग लिया। इस दौरान होस्ट आर्यमन ने सोनम से एक ऐसा सवाल पूछा, जिसने सभी को हंसने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने पूछा कि आपने इतनी सारी बॉलीवुड फिल्मों में काम किया है, फिर 'बागी 4' के लिए हां क्यों कहा? इस पर सोनम ने बिना किसी झिझक के और शानदार ह्यूमर के साथ जवाब दिया, "मैं भी अपने आप से यही सवाल कर रही हूं।"
सोनम के इस चुटीले जवाब के बाद उनके सह-कलाकार परमवीर सिंह चीमा भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने तुरंत कहा कि इस लिस्ट में उनका नाम भी जोड़ लें, क्योंकि उन्होंने भी यही सवाल किया है कि आखिरकार उन्होंने यह फिल्म क्यों की। दोनों सितारों का अपनी फिल्म के प्रति ऐसा बेबाक और मजाकिया अंदाज दर्शकों को बहुत पसंद आया।
शो का सबसे मजेदार हिस्सा तब आया जब होस्ट ने 'सियापा फायर' नाम का एक रैपिड-फायर राउंड खेला। इस राउंड में मेहमानों को बताना था कि किसी स्थिति को वे 'छोटा सियापा', 'बड़ा सियापा' या 'पिट्ट सियापा' (यानी सबसे बड़ा सियापा) कैसे मानते हैं। जब होस्ट ने सोनम से पूछा कि 'बागी 4 के लिए हां कहना' कौन सा सियापा है, तो सोनम ने तुरंत जवाब दिया, "पिट्ट सियापा।" उनकी यह हाजिरजवाबी और मजेदार बातें दर्शाती हैं कि वे अपनी फिल्म को लेकर कितनी कन्फ्यूज्ड और उत्साहित हैं!
सोनम बाजवा ने हाल ही में बॉलीवुड में कदम रखा है। 'बागी 4' के जरिए उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने की कोशिश की थी, लेकिन यह फिल्म 'Border 2' जैसी हिट साबित नहीं हो पाई। 80 करोड़ के बजट में बनी 'बागी 4' ने केवल 67 करोड़ रुपये की कमाई की। संजय दत्त, टाइगर श्रॉफ और सोनम बाजवा जैसी स्टार कास्ट के बावजूद फिल्म अपने बजट को भी नहीं वसूल कर पाई। ऐसे में सोनम का इसे अपनी जिंदगी का 'पिट्ट सियापा' बताना बिल्कुल सही है।