गाजियाबाद के एसी सर्विस सेंटर में भीषण आग… सिलेंडरों में धमाकों से दहला इलाका, बुजुर्ग की मौत; 10 बाइकें राख
TV9 Bharatvarsh May 09, 2026 12:43 PM

गाजियाबाद में शनिवार तड़के एक एसी सर्विस सेंटर में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. हादसा पटेल नगर स्थित प्लॉट नंबर एफ-87 की तीन मंजिला इमारत में हुआ, जहां एसी रिपेयर और सर्विस का काम किया जाता था. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में इमारत धुएं और आग की लपटों से घिर गई. इस हादसे में 80 वर्षीय बुजुर्ग त्रिलोकी नाथ की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई वाहन जलकर राख हो गए.

जानकारी के मुताबिक आग शनिवार सुबह करीब 3:05 बजे लगी. शुरुआती आग के बाद इमारत के भीतर रखे एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसरों में लगातार धमाके होने लगे. तेज धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए. घनी आबादी वाले इलाके में आग फैलने का खतरा बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी.

घंटों मशक्कत के बाद बुझी आग

सूचना मिलते ही गाजियाबाद फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. आग की भयावहता को देखते हुए करीब 8 दमकल वाहनों को राहत और बचाव कार्य में लगाया गया. दमकलकर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझाने के दौरान पूरी इमारत को खंगाला गया, जहां भूतल पर 80 वर्षीय त्रिलोकी नाथ मृत अवस्था में मिले. माना जा रहा है कि आग और धुएं की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हुई.

इस हादसे में 2 कारें और करीब 10 मोटरसाइकिलें भी जलकर राख हो गईं. आग की वजह से आसपास के मकानों में भी दहशत का माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों के मुताबिक अगर समय रहते दमकल विभाग नहीं पहुंचता तो आग आसपास की इमारतों तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था.

कैसे लगी आग?

बताया जा रहा है कि सर्विस सेंटर का संचालन ओमकार तोमर नामक व्यक्ति द्वारा किया जाता था. पुलिस और फायर विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है. शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या गैस सिलेंडर से जुड़े तकनीकी कारणों की जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक वजह जांच के बाद ही साफ हो सकेगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.