बेंगलुरु: ससुराल में दामाद की जिंदा जलाकर हत्या, सुसर और साले ने पेट्रोल डालकर लगाई आग, पत्नी-बच्चों को लाने गया था युवक
TV9 Bharatvarsh May 09, 2026 12:43 PM

बेंगलुरु के उपनगर अनेकल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद में एक युवक पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया. इलाज के दौरान 19 दिनों के बाद उसकी मौत हो गई. मरने से पहले दिए गए बयान में युवक ने अपनी पत्नी, ससुर, सास और साले को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ससुर और साले को गिरफ्तार कर लिया है.

पत्नी और बच्चों को वापस घर ले जाने पहुंचे 25 वर्षीय युवक पर उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. गंभीर रूप से झुलसे युवक ने 19 दिनों तक जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद दम तोड़ दिया. मरने से पहले उसे मजिस्ट्रेट के सामने बयान दिया था कि इसके लिए उसने अपनी पत्नी, ससुर, सास और साला जिम्मेदार हैं.

नारियल का कारोबार करता था मृतक

मृतक की पहचान अनेकल तालुक के चुडेनहल्ली निवासी वी. नवीन के रूप में हुई है. नवीन नारियल का व्यापार करता था. जानकारी के अनुसार बीते 13 अप्रैल को वह अपनी पत्नी सुचित्रा और दो बच्चों को वापस घर लाने के लिए अनेकल की जनता कॉलोनी स्थित अपने ससुराल गया था. अगले दिन जब उसने पत्नी और बच्चों को साथ चलने के लिए कहा, तो पत्नी ने घर जाने से इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों विवाद शुरू हो गया.

पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया

बताया जा रहा है कि नवीन लगातार अपने ससुराल वालों से पत्नी और बच्चों को भेजने की गुहार लगा रहा था. इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उस पर हमला कर दिया. आरोप है कि झगड़े के बीच ससुराल वालों ने बोतल से नवीन पर पेट्रोल डाल दिया और उसके साले मुनेश ने आग लगा दी. आग की लपटों में घिरे नवीन को देखकर मौके से गुजर रहे एक व्यक्ति ने पानी डालकर किसी तरह उसकी जान बचाई.

गंभीर हालत में नवीन को पहले अनेकल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में उसे तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिला अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के दौरान मजिस्ट्रेट के सामने दिए गए बयान में नवीन ने पत्नी सुचित्रा, ससुर संपंगी, सास और साले मुनेश पर उसे जलाने का आरोप लगाया था.

शुरुआत में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, लेकिन 2 मई को नवीन की मौत के बाद केस को हत्या में बदल दिया गया. पुलिस ने ससुर संपंगी और साले मुनेश को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं पत्नी और सास की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.