सिर्फ चलाने से नहीं, लंबे समय तक खड़ी रहने से भी खराब हो सकती है आपकी कार, इन बातों का रखें ध्यान
TV9 Bharatvarsh May 09, 2026 12:43 PM

आजकल कई लोग ऐसी स्थिति में होते हैं जब उनकी कार रोज इस्तेमाल नहीं हो पाती. कुछ लोग वर्क फ्रॉम होम करते हैं, तो कुछ के पास एक से ज्यादा वाहन होते हैं. ऐसे में कार कई दिनों तक पार्किंग में खड़ी रहती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि लंबे समय तक बिना चलाए खड़ी रहने से कार में कई तरह की दिक्कत शुरू हो सकती हैं?

आमतौर पर अगर कार लगातार इस्तेमाल नहीं होती है तो बैटरी, टायर और इंजन पर असर दिखना शुरू हो सकता है. सबसे पहले कार की बैटरी कमजोर होने लगती है, क्योंकि आधुनिक कारों में कई इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम लगातार थोड़ी-बहुत बिजली लेते रहते हैं. अगर कार लंबे समय तक स्टार्ट न की जाए तो बैटरी डिस्चार्ज हो सकती है.

टायर पर पड़ता है असर

टायरों पर भी इसका असर पड़ता है. एक ही जगह लंबे समय तक खड़ी रहने से टायरों का प्रेशर कम हो सकता है और कई बार फ्लैट स्पॉटिंग की समस्या भी आ जाती है. इसका मतलब है कि टायर का एक हिस्सा दबाव की वजह से सपाट होने लगता है, जिससे ड्राइविंग के दौरान कंपन महसूस हो सकता है.

इंजन की परफॉर्मेंस पर असर

इसके अलावा इंजन ऑयल और दूसरे फ्लूइड्स भी लंबे समय तक इस्तेमाल न होने पर अपनी क्षमता खोने लगते हैं. ब्रेक डिस्क पर जंग लगने की संभावना बढ़ जाती है, खासकर नमी वाले मौसम में. कई बार फ्यूल टैंक में जमा पुराना ईंधन भी इंजन की परफॉर्मेंस पर असर डाल सकता है.

इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप कार का इस्तेमाल कम करते हैं, तो कुछ आसान उपाय अपनाकर इन समस्याओं से बच सकते हैं. कोशिश करें कि सप्ताह में कम से कम एक या दो बार कार स्टार्ट करें और कुछ किलोमीटर चलाएं. इससे बैटरी चार्ज रहती है और इंजन के सभी पार्ट्स सही तरीके से काम करते रहते हैं.

ये भी पढ़ें- कम कीमत में प्रीमियम टच! Maruti Eeco Star Edition लॉन्च, स्टाइल और फीचर्स में बड़ा अपग्रेड

33KM माइलेज, सनरूफ और 6 एयरबैग! ₹6.26 लाख वाली इस कार पर टूट पड़े ग्राहक

टायर प्रेशर नियमित रूप से चेक करना, कार को साफ रखना और धूप या बारिश से बचाने के लिए कवर का इस्तेमाल करना भी जरूरी है. अगर कार एक महीने या उससे ज्यादा समय तक खड़ी रहने वाली है, तो बैटरी डिस्कनेक्ट करना और फ्यूल टैंक फुल रखना बेहतर माना जाता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.