शराब के लिए जिगरी यार को उतारा मौत के घाट, फिर स्कूटी पर लाश लादकर नदी में फेंका, ऐसे खुला राज
TV9 Bharatvarsh May 10, 2026 04:42 PM

Ranchi Crime News: झारखंड की राजधानी रांची में शराब पार्टी के दौरान हुई युवक की हत्या मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. मामल में पुलिस ने मृतक के तीन जिगरी दोस्तों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने पहले अपने दोस्त की बेरहमी से हत्या की और फिर शव को स्कूटी से ले जाकर नदी किनारे फेंक दिया था. मृतक का शव 19 अप्रैल को पुलिस ने बरामद किया था.

मृतक की पहचान अभिजीत तिवारी उर्फ किट्टू के रूप में हुई थी. उसका शव 19 अप्रैल को टाटीसिलवे थाना क्षेत्र स्थित सिपाही नदी किनारे मिलिट्री डेयरी फार्म के पास बरामद किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय-1 अमर पांडेय के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. तकनीकी जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाई.

एक अन्य आरोपी अभी है फरार

पुलिस ने मामले में विशाल राम, सन्नी मिंज और आकाश सुजय बेक को गिरफ्तार किया है. तीनों आरोपी मृतक के करीबी दोस्त बताए जा रहे हैं. वहीं एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

शराब पार्टी के दौरान युवक की हुई थी हत्या

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि 18 अप्रैल की रात सभी आरोपी नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार स्थित एक मैदान में बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान अभिजीत वहां पहुंचा और अपने दोस्त आकाश से जबरदस्ती शराब और बीयर मांगने लगा. शराब देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. छीना-झपटी में शराब की बोतल टूट गई और मामला इतना बढ़ गया कि अभिजीत ने दोस्तों को धमकी देनी शुरू कर दी.

गला दबाकर कर की थी हत्या

गुस्से में तीनों आरोपियों ने अभिजीत को जमीन पर पटक दिया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने उसे स्कूटी के बीच में बैठाकर करीब तीन किलोमीटर दूर सिपाही नदी किनारे फेंक दिया.

इस दौरान एक अन्य स्कूटी पर सवार आरोपी पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखते हुए आगे-आगे चल रहा था. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कूटी और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं. लगभग 21 दिनों बाद पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया है.

ये भी पढ़ें – ‘घोड़े की राइड लोगे क्या…’,एक्सचेंज ऑफर देकर बाइक सवार को लगाया चूना

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.