जिस पर लगाया बैन, उसी को कप्तान बनाने का बोर्ड का इरादा, वनडे और T20I में संभालेगा कमान
TV9 Bharatvarsh May 10, 2026 05:43 PM

Kusal Mendis: 5 साल पहले जिस पर नियम उल्लंघन के चलते बैन लगा था, अब वही खिलाड़ी टीम का कप्तान बनने वाला है. वो वनडे और T20 टीम की कमान संभालेगा. इस बारे में अब बस बोर्ड के आधिकारिक ऐलान का इंतजार है. ऐसी रिपोर्ट है कि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने कुसल मेंडिंस को वनडे और T20 टीम का कप्तान बनाने की ठान ली है. श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड के इस फैसले की वजह कुसल मेंडिस का मौजूदा फॉर्म और उनका हालिया प्रदर्शन बताया जा रहा है.

वेस्टइंडीज दौरे से कप्तानी संभालेंगे मेंडिस – रिपोर्ट

द संडे टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक कुसल मेंडिस को वेस्टइंडीज दौरे से वनडे और T20 टीम की कप्तानी सौंप दी जाएगी. वो बतौर वनडे और T20 कप्तान चारिथ असालंका को वनडे में और दासुन शनका को T20 में रिप्लेस करेंगे. श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए और टीम में ठहराव लाने के लिए व्हाइट बॉल के दोनों ही फॉर्मेट में कप्तान बनाने का इरादा बनाया है. इसके अलावा धनंजय डि सिल्वा टेस्ट टीम के कप्तान बने रहेंगे.

कुसल मेंडिस पर जब लगा था 1 साल का बैन

कुसल मेंडिस वही खिलाड़ी हैं, जिन्हें 2021 में इंग्लैंड दौरे पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने के आरोप में बैन किया गया था. उनके साथ-साथ निरोशन डिकवेला और दनुष्का गुणतिलका पर भी बैन लगा था. इन तीनों खिलाड़ियों को तब इंटरनेशनल क्रिकेट से एक साल के लिए बैन किया गया था. लेकिन, अब 5 साल बाद वही मेंडिस श्रीलंका के वनडे और T20 टीम के कप्तान बनने जा रहे हैं.

PSL 2026 में मेंडिस ने 550 रन ठोके थे

कहा जा रहा है कि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में कुसल मेंडिस का परफॉर्मेन्स देखने के बाद उन्हें कप्तान बनाने पर विचार किया है. कुसल मेंडिस PSL 2026 में बाबर आजम के बाद दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे थे. उन्होंने पेशावर जाल्मी के लिए 11 पारियों में 55 की औसत से 550 रन बनाए थे.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.