हंतावायरस संक्रमण से प्रभावित लग्जरी क्रूज शिप MV होंडियस रविवार सुबह स्पेन के टेनेरिफ द्वीप के पास पहुंच गया. जहाज को ग्रेनाडिला पोर्ट के पास रोका गया है, जहां से यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाला जाएगा. जहाज पर हंतावायरस फैलने के बाद यह कदम उठाया गया. इस संक्रमण से अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है. जहाज पर अब तक 8 लोग बीमार हुए हैं. मरने वालों में एक डच दंपति और एक जर्मन नागरिक शामिल हैं.
स्पेन के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी यात्री में संक्रमण के लक्षण नहीं मिले हैं. फिर भी सुरक्षा के तौर पर जहाज के सभी यात्रियों को हाई-रिस्क कॉन्टैक्ट माना गया है. यूरोप की हेल्थ एजेंसी ने भी यही चेतावनी दी है. जहाज पर 23 देशों के 149 लोग सवार हैं.
जांच के बाद यात्री एयरपोर्ट जाएंगेयात्रियों को छोटे-छोटे बोट के जरिए जहाज से किनारे लाया जाएगा. इसके बाद स्वास्थ्य अधिकारी उनका टेस्ट करेंगे ताकि यह पता चल सके कि कोई संक्रमित तो नहीं है. जांच के बाद यात्रियों को बंद बसों में बैठाकर टेनेरिफ एयरपोर्ट ले जाया जाएगा. वहां से वे अपने-अपने देशों के लिए रवाना होंगे.
अधिकारियों के मुताबिक, सबसे पहले स्पेन के नागरिकों को जहाज से उतारा जाएगा. इसके बाद दूसरे देशों के यात्रियों को अलग-अलग समूहों में बाहर निकाला जाएगा. करीब 30 क्रू मेंबर जहाज पर ही रहेंगे. जहाज को बाद में नीदरलैंड ले जाया जाएगा, जहां उसे पूरी तरह साफ और डिसइन्फेक्ट किया जाएगा.
WHO ने स्पेन से मदद मांगी थीयह जहाज बुधवार को केप वर्डे के पास से स्पेन के लिए रवाना हुआ था. केप वर्डे अफ्रीका का आइलैंड नेशन है, जिसने यात्रियों को उतरने की अनुमति नहीं दी थी. वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) और यूरोपीयन यूनियन ने स्पेन से यात्रियों को सुरक्षित निकालने में मदद मांगी थी. WHO चीफ टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस भी शनिवार शाम टेनेरिफ पहुंचे. उनके साथ स्पेन के स्वास्थ्य और गृह मंत्री भी मौजूद रहे, ताकि पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की जा सके.
कैसे फैलता है हंतावायरसहंतावायरस आमतौर पर चूहों जैसे जानवरों के मल, पेशाब या लार से फैलता है. इससे गंभीर सांस की बीमारी हो सकती है, लेकिन यह इंसान से इंसान में बहुत कम फैलता है. WHO का कहना है कि दुनिया के बाकी लोगों के लिए खतरा कम है.
यह भी पढ़ें: इस देश में था इजराइल का सीक्रेट बेस, एयरफोर्स को पहुंचाई मदद