Meta AI Agent: डिजिटल कारोबार को आसान बनाने की दिशा में Meta ने एक बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने अपने नए Meta Business Agent को वैश्विक स्तर पर लॉन्च करने की घोषणा की है. यह एक AI आधारित सहायक है जिसे व्यवसायों की रोजमर्रा की गतिविधियों और ग्राहकों के साथ बातचीत को स्वचालित करने के लिए तैयार किया गया है. यह सुविधा अब WhatsApp, Messenger और Instagram तीनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी.
Meta के अनुसार, WhatsApp और Messenger पर पहले ही 10 लाख से अधिक व्यवसाय इस AI एजेंट का इस्तेमाल कर रहे हैं. कंपनी का कहना है कि अब इसे दुनिया भर के छोटे और बड़े सभी कारोबारों के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है. Meta का दावा है कि व्यवसाय कुछ ही मिनटों में अपना AI एजेंट एक्टिव कर सकते हैं. यह एजेंट ग्राहकों की स्थानीय भाषा में और कंपनी की पसंदीदा शैली में जवाब देने में सक्षम होगा.
Meta Business Agent केवल सामान्य चैटबॉट नहीं है. यह ग्राहकों के सवालों का जवाब देने, प्रोडक्ट्स की जानकारी देने, कैटलॉग से सामान सुझाने, अपॉइंटमेंट बुक करने और संभावित ग्राहकों की पहचान करने जैसे कई काम कर सकता है.
इतना ही नहीं, यह बिक्री प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में भी मदद करेगा. यदि किसी बातचीत में मानव हस्तक्षेप की आवश्यकता हो तो व्यवसाय यह तय कर सकते हैं कि कब बातचीत किसी कर्मचारी को सौंपनी है.
Meta अब इस AI एजेंट को Instagram तक भी विस्तारित कर रहा है. इससे कंपनियां अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर आने वाले ग्राहक संदेशों को एक ही AI सिस्टम के माध्यम से संभाल सकेंगी. इसका उद्देश्य व्यवसायों को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ग्राहकों के साथ अधिक प्रभावी और तेज संवाद स्थापित करने में मदद करना है.
Meta इस AI को केवल ग्राहक सहायता तक सीमित नहीं रखना चाहता. कंपनी कुछ नई सुविधाओं का परीक्षण कर रही है जिनके तहत AI व्यवसाय मालिकों को सुबह की रिपोर्ट देगा. इन रिपोर्ट्स में रातभर हुई बातचीत का सारांश, ग्राहकों की रुचियों से जुड़े संकेत और महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल होंगी. फिलहाल इन फीचर्स का परीक्षण WhatsApp Business, Instagram Pro, Messenger और Meta Business Suite का उपयोग करने वाले चुनिंदा व्यवसायों के साथ किया जा रहा है.
Meta ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में Business Agent को और अधिक शक्तिशाली बनाया जाएगा. भविष्य में यह बाजार अनुसंधान, उत्पादों से जुड़े विश्लेषण, कैलेंडर प्रबंधन और प्रतिस्पर्धी कंपनियों की जानकारी जुटाने जैसे कार्य भी कर सकेगा.
कंपनी यूजर्स के लिए व्यवसायों को ढूंढना भी आसान बना रही है. जल्द ही WhatsApp यूजर्स किसी व्यवसाय को उसके नाम से खोज सकेंगे. साथ ही चैट के भीतर सीधे बिजनेस कॉन्टैक्ट साझा करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी.
Meta ने Meta Business Agent Platform नाम का एक नया प्लेटफॉर्म भी पेश किया है. इसकी मदद से बड़ी कंपनियां अपनी जरूरतों के अनुसार कस्टम AI एजेंट तैयार कर सकेंगी और उन्हें बड़े स्तर पर तैनात कर पाएंगी. यह प्लेटफॉर्म Shopify और Zendesk जैसे सैकड़ों बिजनेस टूल्स के साथ इंटीग्रेशन सपोर्ट करेगा. इससे AI एजेंट सीधे कंपनी के सिस्टम तक पहुंचकर विभिन्न कार्यों को अंजाम दे सकेंगे.
अभी व्यवसाय Meta Business Agent का उपयोग बिना किसी शुल्क के कर सकते हैं. हालांकि Meta ने स्पष्ट किया है कि आने वाले महीनों में इस सेवा को सब्सक्रिप्शन आधारित मॉडल के तहत पेश किया जाएगा. कंपनी का कहना है कि अलग-अलग आकार के व्यवसायों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कीमतों वाले प्लान उपलब्ध कराए जाएंगे.
MacBook Neo पर छप्परफाड़ छूट, ऐप्पल के सबसे सस्ते लैपटॉप की कीमत अब रह गई सिर्फ इतनी