Kedar Yoga: कुंडली में केदार योग दिलाता है शिव जी की कृपा! जानें ये कैसे बनता है
TV9 Bharatvarsh June 06, 2026 07:43 PM

Kedar Yoga in Kundali: ज्योतिष शास्त्र में कई शुभ योग बताए गए हैं, जिनका व्यक्ति के जीवन में बहुत सकारात्मक प्रभाव पड़ता है. इन्हीं शुभ योगों में शामिल है केदार योग. यह योग नाभस योगों के अंतर्गत आता है. धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यता है कि जिस भी जातक की कुंडली में केदार योग का निर्माण होता है, उसको देवों के देव महादेव की विशेष कृपा प्राप्त होती है.

केदार योग और भगवान शिव की कृपा के प्रभाव से जातक के जीवन में सुख-समृद्धि बढ़ती है. भूमि और भवन आदि का सुख बहुत प्राप्त होता है. आइए जानते हैं कि केदार योग का निर्माण कुंडली में किस तरह से होता है?

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार…

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सूर्य, चंद्र, मंगल, बुध, गुरु, शुक्र और शनि केदार योग बनाते हैं. राहु-केतु को छोड़कर जब कुंडली में ये सभी ग्रह चौथे भाव में बैठे रहते हैं, तो केदार योग बनता है. इस योग में कुंडली के आठ भाव खाली होते हैं. सूर्य, चंद्र, मंगल, बुध, गुरु, शुक्र और शनि का चौथे भाव में होना इसको बहुत मजबूत बना देता है. इसके प्रभाव से जातक को जीवन में सुख की प्राप्ति होती है. हालांकि, जब सभी 7 ग्रह केंद्र के 4 भावों में विराजमान होते हैं, तब केदार योग सबसे ज्यादा ताकतवर माना जाता है.

केदार योग शुभ परिणाम

कुंडली में केदार योग जातक को महादेव का आशीर्वाद दिलाता है. ऐसे जातक सरल और ईमानदार होते हैं. ये दूसरों की मदद करने की भावना रखते हैं. केदार योग के प्रभाव से मानसिक शक्ति अच्छी होती है. ऐसा जातक अंतर्ज्ञानी भी होता है. केदार योग के प्रभाव से अध्यात्मिक क्षेत्र में सफलता मिलती है. ये योग भूमि या अचल संपत्ति का सुख देता है. केदार योग कुंडली में हो तो भगवान शिव की पूजा करने से सभी मनोरथ पूर्ण होते हैं.

केदार योग के दौरान इन नियमों का करें पालन

कुंडली में केदार योग हो तो सुबह जल्दी उठें और रात में जल्द सो जाएं. मांस-मदिरा का सेवन करने से बचें. झूठ न बोलें. चटकीले कपड़ों को पहनने से बचें. गलत संगति से दूर रहें. मान्यताओं के अनुसार, इन नियमों का पालन करने से केदार योग का फल दोगुना प्राप्त होता है.

ये भी पढ़ें: Somvati Amavasya 2026: सोमवती अमावस्या कब है? जानें डेट, धार्मिक महत्व और उपाय

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.