'बेटों पर मौत का साया'… बोल ठगों ने उतरवाए लाखों के गहने, जाप करती रही बुजुर्ग महिला; आंख खुली तो चौंक गई
TV9 Bharatvarsh June 11, 2026 02:43 AM

Ujjain News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में ठगी के लिए शातिर अब लोगों की आस्था का सहारा लेकर उन्हें परिवार पर मौत के साए का डर बताकर अपने जाल में फसाते हैं. बाद में, उनका कीमती सामान लेकर रफू चक्कर हो जाते हैं. उज्जैन में एक ऐसा ही मामला सामने आया है जिसमें बेटों पर मौत का साया बताते हुए कुछ लोगों ने 71 साल की बुजुर्ग महिला को झांसा देकर लाखों के गहने उतरवा लिए और फरार हो गए।.

उज्जैन में धनवंतरी मार्ग गणेश मंदिर के सामने फ्रीगंज में रहने वाली मनोरमा पति वक्षराज जैन उम्र 71 साल बुधवार सुबह देवास रोड स्थित मूथा निवास से संत शीतलमुनि के दर्शन कर और उनके प्रवचन सुनकर पैदल घर लौट रही थीं. जब वे घर लौट रही थी तभी रास्ते में प्रियदर्शिनी चौराहे पर जींस-शर्ट पहने दो युवकों ने उन्हें रोक लिया. युवकों ने पहले मनोरमा जैन से एक डॉक्टर के बारे में पूछा और फिर धीरे-धीरे उन्हें अपने झांसे में लेने लगे. युवकों ने कहा, माताजी आपने जो सोने की चेन और अंगूठी पहनी है, उससे आपके बेटों पर घात है. इसकी वजह से उन्हें बड़ा नुकसान हो रहा है.

सोने के गहनों से बेटों को खतरा

ठगों ने बुजुर्ग मनोरमा को डराया और इससे बचने का उपाय भी बताया. युवकों ने बुजुर्ग मनोरमा के गले में पहनी सोने की चेन और उंगलियों में पहनी सोने की अंगूठी उतारकर 51 बार मंत्र का जाप करने को कहा. बेटों की चिंता में मनोरमा जैन ठगों के झांसे में आ गईं. उन्होंने सोने की चेन और अंगूठी उतारकर युवकों को दे दी और वहीं सड़क पर आंख बंद कर पैदल चलकर मंत्र जाप करने लगीं. जब जाप पूरा कर उन्होंने आंखें खोलीं तो दोनों युवक गहने लेकर गायब हो चुके थे. ठगी का अहसास होते ही बुजुर्ग घर पहुंची और बेटे कपिल जैन को पूरी बात बताई.

माधवनगर थाने में FIR

घटना के बाद बुजुर्ग महिला मनोरमा का पुत्र कपिल जैन मां को साथ लेकर तुरंत थाना माधवनगर पहुंचा और अज्ञात ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सुराग जुटाना शुरू कर दिया है. माधव नगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया ने कहा कि प्रियदर्शनी चौराहा क्षेत्र में यह घटना घटित हुई है, इसलिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे कि आरोपियों को पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.