दिल्ली-यूपी समेत इन 8 राज्यों में बारिश की संभावना, राजस्थान में आंधी-तूफान का खतरा; जानें मौसम अपडेट
Money9Live June 16, 2026 08:42 PM

IMD Weather Alert: देश के उत्तर भारतीय राज्यों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 18 जून से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिसके असर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. इससे कई राज्यों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 18 से 22 जून के बीच हल्की से मध्यम और कई स्थानों पर बारिश दर्ज की जा सकती है.

पंजाब, हरियाणा, यूपी में कैसा रहेगा मौसम ?

मैदानी उत्तर भारतकी बात करें तो पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 16 से 22 जून के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. कई क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि कुछ स्थानों पर थंडरस्क्वॉल के दौरान हवा की गति 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

दिल्ली-एनसीआर में चार दिन मौसम रहेगा सुहाना

दिल्ली-एनसीआर के लिए मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक राहत भरा पूर्वानुमान जारी किया है. 16 जून को आमतौर पर बादल छाए रहने, हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जो सामान्य से काफी कम होगा. 17 से 19 जून के बीच भी हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं.

उत्तर प्रदेश में भी एक्टिव रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 16 से 19 जून और फिर 22 जून को बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 18 जून और 21 से 22 जून के दौरान बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं और गरज-चमक की चेतावनी भी जारी की गई है.

राजस्थान में आंधी और धूलभरी हवाओं का खतरा

राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 16 से 22 जून के बीच मौसम एक्टिव रहने का अनुमान है. कई स्थानों पर आंधी, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिमी राजस्थान में 16 से 19 जून तक धूलभरी आंधी की भी संभावना जताई गई है.

मॉनसून की रफ्तार भी बढ़ने के संकेत

मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आगे बढ़ रहा है और अगले चार से पांच दिनों के दौरान तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में इसके आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.

पूर्वोत्तर और बिहार में भी भारी बारिश का अलर्ट

हालांकि उत्तर भारत में राहत की बारिश की संभावना है, लेकिन पूर्वोत्तर भारत, बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. बिहार में 17 से 20 जून के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

गर्मी से राहत, लेकिन कुछ राज्यों में हीटवेव जारी

उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 22 जून के दौरान कुछ स्थानों पर हीटवेव की स्थिति बन सकती है. वहीं विदर्भ, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और कुछ अन्य क्षेत्रों में भी अगले कुछ दिनों तक लू का असर बने रहने का अनुमान है.

इसे भी पढ़ें-24 घंटे में दौलत की सुनामी! दुनिया के 500 सबसे अमीरों ने कमाए 336 अरब डॉलर, एलन मस्क सबसे आगे

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.