Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी थाना क्षेत्र से सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक व्यक्ति की लोहे के पाइप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. घटना 15 जून 2026 की है, जब वादिनी फूलवती पत्नी राजेश निवासी बदायूं चुंगी, चंदौसी ने थाना चंदौसी में तहरीर देकर बताया कि पुरानी रंजिश के चलते तोताराम ने उनके पति राजेश की हत्या कर दी. तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.
चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम करीब 6 बजे आईटीआई कॉलेज के पास पेट्रोल पंप के नजदीक राजेश प्रजापति की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई थी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तोताराम पुत्र नत्थू मौके से फरार हो गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और टीमों का गठन किया गया.
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाईपुलिस अधीक्षक संभल कृष्ण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह और क्षेत्राधिकारी विवेक जावला के निर्देशन में चंदौसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी तोताराम को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब एक साल पहले मृतक राजेश उसकी पत्नी को भगाकर ले गया था. इसी रंजिश में उसने 15 जून की शाम भारत पेट्रोल पंप के पास आईटीआई के नजदीक राजेश को बुलाया और लोहे की पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी. मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे चंदौसी पुलिस ने आरोपी तोताराम को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल भी बरामद किया है.
सलाखों के पीछे आरोपीअपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश और आरोपी की पत्नी को एक साल पहले भगा ले जाने का विवाद इस हत्या की मुख्य वजह बना. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले में आगे की जांच जारी है. आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.