बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार की फिल्म 'तीस मार खान' को काफी पसंद किया गया था. फराह खान के डायरेक्शन में बनी ये कॉमेडी फिल्म साल 2010 में रिलीज हुई थी. हाल ही में फराह ने 'तीस मार खान' की शूटिंग का एक मजेदार किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि अक्षय कुमार रोज फिल्म के सेट पर हेलीकॉप्टर से आते थे.
मालशेज में चल रही थी फिल्म 'तीस मार खान' की शूटिंग
हाल ही में फराह खान, अक्षय कुमार, प्रियदर्शन और राजपाल यादव फिल्म 'भूत बंगला' के प्रमोशन के दौरान साथ बैठे थे. इस दौरान फराह और अक्षय ने साल 2010 में आई फिल्म 'तीस मार खान' की शूटिंग से जुड़ा एक मजेदार किस्सा शेयर किया. फराह ने कहा, 'हम मालशेज में फिल्म की शूटिंग कर रहे थे. हर दिन सुबह 8 बजे का कॉल टाइम होता था. सभी लोग वहीं रुकते थे, क्योंकि मुंबई से वहां तक पहुंचने में करीब ढाई घंटे लगते थे, लेकिन अक्षय हर शाम शूटिंग खत्म होने के बाद घर चले जाते थे और अगली सुबह 7:45 बजे तक वापस आ जाते थे.'
View this post on Instagram
:- सलमान खान और अक्षय कुमार का हर फिल्मों में रहता है एक ही तरह का किरदार, विश्वनाथ चटर्जी का खुलासा
अक्षय कुमार ने खुद किया खुलासा
फराह की ये बात सुनकर राजपाल यादव भी हैरान रह गए. तब उन्होंने फराह और अक्षय से पूछा- बताओ कैसे? लेकिन राजपाल कोई जवाब नहीं दे पाए. इसके बाद अक्षय ने खुद खुलासा करते हुए कहा, 'मैं हेलीकॉप्टर से आता-जाता था.' अक्षय का जवाब सुनते ही सभी लोग हंस पड़े.

सेट पर समय से पहुंच जाते थे अक्षय कुमार
फराह ने आगे मजाकिया अंदाज में कहा, 'मैंने अपनी जिंदगी में पहली बार किसी एक्टर को हेलीकॉप्टर को टैक्सी की तरह इस्तेमाल करते देखा था, लेकिन इसकी तारीफ करनी पड़ेगी कि वो हमेशा समय पर पहुंचता था.'
ये मेरे सारे पैसे खा गया- फराह खान
इस पर अक्षय ने तुरंत जवाब दिया, 'लेकिन इससे किसी को क्या परेशानी थी? मैं खुद उस फिल्म का प्रोड्यूसर भी था. फराह ने भी हंसते हुए कहा, 'और मैं भी थी. इसने मेरे सारे पैसे खर्च करवा दिए. अक्षय ये सुनकर चौंक गए और बोले, 'मैंने पैसे खर्च करवा दिए? उस फिल्म से सबसे ज्यादा कमाई तो आपने ही की थी. इसके बाद दोनों की नोकझोंक देखकर राजपाल यादव और प्रियदर्शन हंसने लगे.

'तीस मार खान' ने कमाए थे इतने करोड़ रुपये
फिल्म 'तीस मार खान' की बात करें तो ये फिल्म 24 दिसंबर, 2010 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इसमें अक्षय के अलावा कैटरीना कैफी और अक्षय खन्ना जैसे एक्टर्स भी नजर आए थे. सैकनिल्क के अनुसार, 'तीस मार खान' ने बॉक्स ऑफिस पर 100.01 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि इस फिल्म का बजट 45 करोड़ रुपये था. फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.