CAN vs NED: 25 गेंदों में ही पिच ने दिखाया घातक रंग, मैच रेफरी ने खतरा देखते ही कनाडा- नीदरलैंड्स वनडे किया रद्द
TV9 Bharatvarsh June 17, 2026 11:42 AM

Canada vs Netherlands: कनाडा और नीदरलैंड्स के बीच 16 जून को टोरंटो के किंग सिटी में खेला जा रहा वनडे मुकाबला खतरनाक पिच के चलते रद्द कर दिया गया है. ये मुकाबला ICC मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 कम्पीटिशन का हिस्सा था, जो कि वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्वालिफाई करने का भी एक जरिया है. 50 ओवर के इस मुकाबले में बस 25 गेंदों ही फेंकी जा सकी. उतने में ही पिच ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया. नतीजा ये हुआ कि मैच रेफरी ने उसे रद्द करने का फैसला कर लिया.

25 गेंदों में ही पिच ने दिखाया खतरनाक रंग

ये ICC मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 कम्पीटिशन का 114वां मैच था, जो किकनाडा और नीदरलैंड्स के बीच खेला जा रहा था. इस मुकाबले में नीदरलैंड्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. नीदरलैंड्स ने दूसरे ही ओवर में मैक्स ओ डाउड का विकेट गंवा दिया, जो कि बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए. इसके बाद नीदरलैंड्स की इनिंग में अगले दो ओवर और फेंके गए, जिसमें पिच पर मौजूद खतरे ने अंपायर और रेफरी का ध्यान पूरी तरह से खींच लिया. उन्होंने पाया कि पिच में अनइवन बाउंस है, जो बल्लेबाजों के लिए घातक और जानलेवा साबित हो सकती है. नतीजा ये हुआ कि नीदरलैंड्स की इनिंग का 5वां ओवर शुरू होते ही उन्होंने मैच को रोककर उसे रद्द कर दिया. कनाडा-नीदरलैंड्स वनडे में सिर्फ 4.1 ओवर ही डाली जा सकी.

पिच की कंडीशन पर मैच रेफरी ने क्या कहा?

कनाडा-नीदरलैंड्स मैच के रेफरी फिल थॉम्पसन ने कहा कि पिच का स्तर इंटरनेशनल क्रिकेट के लेवल से काफी खराब था. उन्होंने आगे कहा कि दोनों टीमों के कप्तानों ने पिच के मिजाज को देखकर निराशा जताई, जिसके बाद मैच अधिकारियों ने उसकी जांच की और बहुत खराब बताया. पिच पर असमान उछाल था जो कि खिलाड़ियों के लिए घातक हो सकता था. सारी बातों को ध्यान में रखकर पिच को पैमानों पर खरा नहीं पाया गया और मैच को रद्द किया गया.

एक हफ्ते पहले भी सवालों में आई थी ये पिच

हैरान करने वाली बात ये है कि ये वही पिच थी जिस पर 8 जून को USA और नीदरलैंड्स का मुकाबला खेला गया था और रेफरी उस मैच में भी पिच से असंतुष्ट दिखे थे. पिच को तब 1 डिमेरिट अंक भी मिले थे. बावजूद इसके उस पर फिर मुकाबला खेला गया, जो कि रद्द हुआ.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.