Study in Switzerland : विदेश में पढ़ाई करने का सपना देखने वाले भारतीय छात्रों के लिए स्विटजरलैंड एक पसंदीदा देश माना जाता है. दुनिया की बेहतरीन यूनिवर्सिटीज , हाई क्वालिटी वाली शिक्षा और मॉर्डन रिसर्च सुविधाओं के कारण हर साल बड़ी संख्या में छात्र यहां पढ़ाई के लिए आवेदन करते हैं. खासकर हॉस्पिटैलिटी, बिजनेस, इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट जैसे कोर्स स्विटजरलैंड में काफी फेमस हैं. हालांकि सिर्फ सपना देखना ही काफी नहीं होता है. अगर आप 12वीं के बाद स्विटजरलैंड में पढ़ाई करना चाहते हैं, तो कुछ जरूरी तैयारियां समय रहते पूरी करनी होती हैं. इससे सही समय पर जरूरी डॉक्यूमेंट्स तैयार करने और एडमिशन प्रक्रिया को समझने से आगे की राह काफी आसान हो सकती है. तो आइए जानते हैं कि 12वीं के बाद स्विटजरलैंड में पढ़ाई का सपना पूरा करने के लिए किन जरूरी कामों को पहले ही निपटा लेना चाहिए.
12वीं के बाद सबसे पहले क्या करें?
अगर आप स्विटजरलैंड में पढ़ाई करना चाहते हैं, तो सबसे पहले यह तय करें कि आपको किस विषय में आगे पढ़ाई करनी है और किस यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेना है. अलग-अलग यूनिवर्सिटीज और कोर्स की पात्रता शर्तें अलग हो सकती हैं. इसलिए समय रहते उनके एडमिशन नियमों और जरूरी डॉक्यूमेंट्स की जानकारी जुटा लेना जरूरी होता है.
वीजा प्रक्रिया है सबसे जरूरी
स्विटजरलैंड में पढ़ाई का सपना पूरा करने के लिए वीजा प्रक्रिया सबसे जरूरी स्टेप माना जाता है. स्विट्जरलैंड का स्टूडेंट वीजा तभी मिलता है, जब छात्र यह साबित कर सके कि वह वहां पढ़ाई और रहने का खर्च उठा सकता है. इसके लिए छात्र को अपने बैंक खाते में कम से कम CHF 21,000 से CHF 25,000 यानी करीब 20 लाख से 23 लाख रुपये तक की राशि दिखानी होती है. अगर यह पैसा पेरेंट्स या किसी स्पॉन्सर की तरफ से दिया जा रहा है, तो उनके बैंक स्टेटमेंट और इनकम से जुड़े डॉक्यूमेंट भी जमा करने पड़ते हैं.
किन डॉक्यूमेंट्स की जरूरत पड़ती है?
स्विट्जरलैंड स्टूडेंट वीजा के लिए आवेदन करते समय कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट पहले से तैयार रखने चाहिए. इनमें वैध पासपोर्ट, यूनिवर्सिटी का एडमिशन लेटर, बैंक स्टेटमेंट, स्पॉन्सर लेटर, हेल्थ इंश्योरेंस, पासपोर्ट साइज फोटो, स्टडी प्लान या स्टेटमेंट ऑफ पर्पज (SOP) शामिल है. इसके अलावा कई मामलों में सीवी, मोटिवेशन लेटर, फीस भुगतान का प्रमाण और फाइनेनशियल डॉक्यूमेंट्स भी मांगे जा सकते हैं.
स्टूडेंट वीजा के लिए आवेदन कैसे करें?
स्टूडेंट वीजा के लिए सबसे पहले यूनिवर्सिटी से एडमिशन लेटर मिलने के बाद अपनी सीट कन्फर्म करें. इसके बाद स्विस एम्बेसी या कॉन्सुलेट में अपॉइंटमेंट बुक करें. सभी जरूरी डॉक्यूमेंट जमा करें और इंटरव्यू में शामिल हों. वीजा प्रक्रिया पूरी होने में लगभग 12 हफ्ते तक का समय लग सकता है. इसलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि अपनी तय इंटेक से कम से कम छह महीने पहले तैयारी शुरू कर दें.
यह भी पढ़ें - UP B.Ed प्रवेश परीक्षा में अलीगढ़ का जलवा, नितिन पचौरी ने हासिल की प्रदेश में दूसरी रैंक
लैंग्वेज और एंट्रेंस से जुड़ी तैयारी क्यों जरूरी है?
कई स्विस यूनिवर्सिटी अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई कराते हैं, जबकि कुछ संस्थानों में जर्मन, फ्रेंच या इटालियन लैंग्वेज में होते हैं. ऐसे में छात्रों को संबंधित लैंग्वेज की योग्यता से जुड़े टेस्ट या जरूरी डॉक्यूमेंट्स पहले से तैयार रखने पड़ सकते हैं. जिस यूनिवर्सिटी में आवेदन करना है, उसके नियम को ध्यान से समझना जरूरी होता है.
इन जरूरी डॉक्यूमेंट्स को पहले से रखें तैयार
विदेश में पढ़ाई के लिए आवेदन करते समय 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, पासपोर्ट और अन्य जरूरी शैक्षणिक डॉक्यूमेंट्स की जरूरत पड़ सकती है. इसलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि सभी डॉक्यूमेंट समय से तैयार रखें, जिससे आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
स्विट्जरलैंड में पढ़ाई क्यों बन रही है पहली पसंद?
स्विट्जरलैंड अपनी हाई क्वालिटी वाली शिक्षा, रिसर्च और इनोवेशन के लिए दुनिया भर में जाना जाता है. यहां ETH Zurich और EPFL जैसी प्रतिष्ठित संस्थाएं मौजूद हैं. देश में जर्मन, फ्रेंच, इटालियन और रोमांश जैसी भाषाएं मौजूद हैं , जबकि कई मास्टर्स और पीएचडी प्रोग्राम पूरी तरह अंग्रेजी में पढ़ाए जाते हैं. इसके अलावा यहां का सुरक्षित और बेहतरीन जीवन स्तर साथ ही वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त डिग्रियां छात्रों को आकर्षित करती हैं.
यह भी पढ़ें - NEET UG री-एग्जाम देने वाले छात्रों को मिलेगी मुफ्त बस सेवा; सरकार का बड़ा फैसला