Ranchi RSS Office Attack Case: झारखंड के रांची स्थित RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले के मामले में गिरफ्तार आरोपी सैफ ने पुलिस हिरासत से फरार होने की कोशिश की. पुलिस के अनुसार, आरोपी को लेकर जा रही टीम को चकमा देकर वह भाग निकला, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने उसका पीछा किया. माण्डर टोल प्लाजा के पास घेराबंदी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें सैफ गोली लगने से घायल हो गया. इसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया.
बता दें कि चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी सैफ ने पुलिस हिरासत से फरार होने की कोशिश की. आरोपी सैफ को रांची पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर कोतवाली थाने में रखा था. गुरुवार को उसने बाथरूम जाने का बहाना बनाया और पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. उसकी तलाश के लिए तत्काल अभियान शुरू किया गया.
माण्डर टोल प्लाजा के पास घेराबंदीआरोपी सैफ के फरार होने की सूचना मिलते ही रांची पुलिस की टीम सक्रिय हो गई. खूफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने सैफ का पीछा किया. कुछ ही देर बाद उसकी लोकेशन माण्डर टोल प्लाजा क्षेत्र के आसपास मिली, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की. इसी दौरान सैफ और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई.
हथियार छीनने और हमला करने का आरोपपुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी सैफ ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनने और पुलिस टीम पर हमला करने का प्रयास किया. हालात बिगड़ते देख पुलिस को आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी. इस दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया. इसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया.
घायल सैफ को अस्पताल में कराया गया भर्तीमुठभेड़ के बाद घायल सैफ को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं.