NEET UG Re-Exam 2026: नीट कैंडिडेट्स को कौन-कौन से राज्य दे रहे फ्री बस सर्विस, जाने कैसे मिलेगी छूट
TV9 Bharatvarsh June 18, 2026 08:43 PM

नीट यूजी 2026 री-एग्जाम को लेकर केंद्र और राज्य सरकारें परीक्षार्थियों की सुविधा और परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने में जुटी हैं. पेपर लीक की घटना के बाद 21 जून को दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए कई राज्यों ने छात्रों को फ्री बस यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है. अभ्यर्थी केवल अपना एडमिट कार्ड दिखाकर परीक्षा केंद्र तक जा सकेंगे. इसके अलावा अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की गई है ताकि किसी छात्र को यात्रा में परेशानी न हो.

बिहार में आने-जाने दोनों तरफ मुफ्त यात्रा

बिहार सरकार ने नीट री-एग्जाम देने वाले छात्रों के लिए फ्री बस सेवा की व्यवस्था की है. अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र तक जाने और परीक्षा समाप्त होने के बाद वापस लौटने के लिए इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे. बस में यात्रा के दौरान एडमिट कार्ड या उसकी कॉपी दिखानी होगी.

हरियाणा और उत्तराखंड के छात्रों को भी राहत

हरियाणा सरकार ने सरकारी परिवहन सेवाओं के माध्यम से छात्रों के लिए मुफ्त यात्रा की घोषणा की है. वहीं उत्तराखंड में कई मार्गों पर मुफ्त या रियायती यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई गई है. इससे खासकर दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों के स्टूडेंट्स को फायदा मिलेगा.

आंध्र प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली और पंजाब में भी फ्री बस सेवा

आंध्र प्रदेश में छात्र APSRTC बसों में हॉल टिकट दिखाकर मुफ्त यात्रा कर सकेंगे. जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी. ओडिशा में राज्य के सभी परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए मुफ्त बस सुविधा दी जाएगी. दिल्ली में डीटीसी बसों में अभ्यर्थी बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगे. वहीं पंजाब सरकार ने 20 से 22 जून तक Punbus और PRTC बसों में छात्रों के लिए निशुल्क यात्रा की व्यवस्था की है. इन सभी राज्यों में एडमिट कार्ड ही मुफ्त टिकट के रूप में मान्य होगा.

परीक्षा की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम

पेपर लीक मामले के बाद इस बार परीक्षा की सुरक्षा पर खास ध्यान दिया जा रहा है. परीक्षा प्रश्नपत्रों को अलग-अलग केंद्रों तक पहुंचाने के लिए भारतीय वायुसेना के विमान और हेलिकॉप्टरों की मदद ली जाएगी. वहीं उत्तर पुस्तिकाओं और अन्य संवेदनशील सामग्री की निगरानी सुरक्षा एजेंसियों की देखरेख में की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.