BEST कर्मचारियों की हड़ताल के बीच मुंबई मेट्रो वन का बड़ा फैसला, बढ़ाए गए फेरे
TV9 Bharatvarsh June 20, 2026 03:43 AM

मुंबई में BEST (बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट) कर्मचारियों की जारी हड़ताल के कारण मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर बढ़ते दबाव को देखते हुए मुंबई मेट्रो वन ने यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त सेवाएं शुरू करने का फैसला किया है. रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर द्वारा संचालित मुंबई मेट्रो वन ने बताया कि हड़ताल के चलते बड़ी संख्या में यात्री मेट्रो को प्राथमिक परिवहन साधन के रूप में अपना रहे हैं.

मेट्रो प्रशासन के अनुसार, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नियमित सेवाओं के अलावा 10 अतिरिक्त ट्रिप संचालित की जाएंगी. इसके साथ ही कुल सेवाओं की संख्या बढ़कर 486 हो जाएगी, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा और सुगम यात्रा उपलब्ध हो सकेगी. मुंबई मेट्रो वन ने बताया कि उसने सुरक्षित, विश्वसनीय और कुशल परिवहन सेवा के जरिए यात्रियों का विश्वास लगातार बनाए रखा है.

60 हजार अतिरिक्त यात्रियों के सफर का अनुमान

हड़ताल के दौरान भी यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष परिचालन योजना लागू की गई है. सामान्य कार्य दिवस की तुलना में शुक्रवार को मेट्रो में यात्रियों की संख्या में लगभग 38 हजार अतिरिक्त बढ़ोतरी दर्ज की गई. सेवा समाप्त होने तक यह संख्या करीब 60 हजार अतिरिक्त यात्रियों तक पहुंचने का अनुमान है. मेट्रो प्रशासन का कहना है कि शहर के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क में व्यवधान के दौरान मेट्रो एक महत्वपूर्ण जीवन रेखा की भूमिका निभा रही है.

मुंबई में BEST की हड़ताल

मुंबई मेट्रो वन ने कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त सेवाएं उपलब्ध कराती रहेगी. BEST हड़ताल के बीच मुंबई मेट्रो वन के अतिरिक्त फेरे लगाने का यह कदम लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है.

मेट्रो सेवा का समय

  • पहली ट्रेन : सुबह 5:30 बजे
  • अंतिम ट्रेन : रात 11:50 बजे
  • स्टेशन पहली ट्रेन से 15 मिनट पहले खोले जाएंगे
  • सेवा विवरण
  • कुल सेवाएं : 476 नियमित + 10 अतिरिक्त = 486 सेवाएं
  • पीक आवर्स में ट्रेन अंतराल : 3 मिनट 20 सेकंड
  • ऑफ-पीक आवर्स में ट्रेन अंतराल : 5 मिनट 55 सेकंडपहली ट्रेन
  • वर्सोवा से : सुबह 5:30 बजे
  • घाटकोपर से : सुबह 5:30 बजेअंतिम ट्रेन
  • वर्सोवा से : रात 11:25 बजे
  • घाटकोपर से : रात 11:50 बजे
क्या है BEST कर्मचारियों की मांग?

बता दें कि गुरुवार रात 12 बजे से BEST सभी कर्चमारी हड़ताल पर चले गए हैं. बेस्ट कामगार संयुक्त कृति समिति के बैनर तले हड़ताल की शुरूआत की गई है, जिसमें 12 से ज्यादा कामगर संगठनों ने अपना सर्मथन दिया है. इस हड़ताल और आंदोलन के पीछे कर्मचारियों की कई बड़ी मांगें हैं, जिनमें बेस्ट के C बजट को BMC के मुख्य A बजट में मर्ज करना, 2016 से 2026 के बीच का वेतन समझौता 7वें वेतन आयोग के तहत एरियर के साथ देना और कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम (वेट लीज) को रद्द कर सभी ठेका कर्मचारियों व बसों को सीधे बेस्ट के तहत समाहित करना शामिल है.

ये भी पढ़ें: मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक! आज से BEST कर्मचारियों की हड़ताल, कहा- एक भी बस डिपो से बाहर न निकले

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.